रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। दुर्ग जिले में पुलिस ने गुप्त चैंबर वाली मॉडिफाइड पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान मिली विशेष सूचना के आधार पर की।

घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर रायपुर से नागपुर की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रात करीब 11 बजे वाहन को रोककर जांच की।

वाहन में दो लोग सवार थे। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान ड्राइवर भावेशभाई जिनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई।
पुलिस ने वाहन की बारीकी से जांच की तो उसके पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इस चैंबर को खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने कुल 4 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस दोनों व्यक्तियों से नकदी के स्रोत, उसके वास्तविक मालिक और रकम ले जाने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी है। विभाग जब्त रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की विस्तृत जांच करेगा।


