बालोद। 4 नवंबर। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय ड्राइवर गाड़ी के अंदर सो रहा था। आग की लपटें देखकर उसने तुरंत बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही देर में पूरी हाइवा जलकर खाक हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना लिमहाटोला गांव की है। ड्राइवर ने रात में हाइवा को सड़क किनारे खड़ा किया था और उसी के अंदर सो गया था। बुधवार सुबह करीब 5 बजे अचानक गाड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गाड़ी से उठती लपटें देखकर ड्राइवर ने बिना देर किए बाहर छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुकी थी।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। डौंडी पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


