महासमुंद, 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदी फरार हो गए। कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार फांदकर भागने के लिए कंबल का इस्तेमाल किया। फरार होने वालों में तीन NDPS एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में बंद था। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की है। पांच कैदियों ने जेल से भागने की योजना बनाई थी। इनमें से चार कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदने में सफल रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करते समय गिर गया। उसे जेल प्रशासन ने मौके पर ही पकड़ लिया।

फरार कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र के रूप में हुई है। ये तीनों नशे के कारोबार से जुड़े होने के आरोप में NDPS एक्ट के तहत जेल में बंद थे। वहीं, चौथा कैदी पंचराम चोरी के मामले में आरोपी है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुट गई है।

2021 में भी जेल से फरार हुए थे 5 कैदी
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी दिनदहाड़े पांच कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें एक कैदी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के निवासी थे।
उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित कर दिया था। इनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।


