19 Nov 2026, Thu

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन: CM साय ने समाज के हर वर्ग से की मुलाकात, पद्मश्री विभूतियों और लोकतंत्र सेनानियों से किया संवाद

रायपुर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। समारोह में प्रदेशभर से आए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया और स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने अतिथियों का हालचाल जाना, उनके अनुभव सुने और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों के प्रतिनिधियों से भी उन्होंने चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश और उल्लास का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता और सेवा भावना है। समाज के हर वर्ग की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा।

विभिन्न समाजों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज और छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों एवं प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा है। समाज के वरिष्ठजनों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए अमूल्य है। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और छत्तीसगढ़ प्रांत के पदाधिकारियों से भी उन्होंने संवाद किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ काम करने वाले कार्यकर्ता समाज की वास्तविक शक्ति हैं।

लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को किया नमन

प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष और उनके अनुभवों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।

पढ़ें   CG में हेड कांस्टेबल की पत्नी और बेटी की तलवार से हत्या कर शव को खेत में फेंका : आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर और गाड़ियों में लगाई आग, शहर बंद और SDM से मारपीट के बाद पुलिस बल तैनात

सेवा, शिक्षा और साहित्य से जुड़े संगठनों की रही भागीदारी

समारोह में आरोग्य भारती, राष्ट्रीय सेवा भारती, भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय शिक्षण मंडल और विद्या भारती सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने सेवा संगठनों के स्वास्थ्य जागरूकता, रोग निवारण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक पुनर्वास से जुड़े कार्यों की सराहना की। शिक्षा संगठनों के प्रतिनिधियों से विद्यार्थी विकास, कौशल, संस्कार और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण पर चर्चा की।

प्रज्ञा प्रवाह और भारतीय साहित्य परिषद सहित वैचारिक एवं साहित्यिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का आधार है। वहीं साहित्य और बौद्धिक विमर्श समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और सेवा के प्रयासों को सराहा

विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और राष्ट्रीय सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रयासों पर चर्चा हुई।

पूर्व सैनिक परिषद और हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में जीवन समर्पित करने वाले सैनिक राष्ट्र का गौरव हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा में उनकी सक्रिय भूमिका अनुकरणीय है।

उद्योग और श्रमिक संगठनों से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ पर चर्चा

लघु उद्योग भारती और भारतीय मजदूर संघ सहित आर्थिक एवं श्रमिक क्षेत्र से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान लघु उद्योगों, स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्योगों, उद्यमियों, श्रमिकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।

पढ़ें   CM विष्णुदेव साय का आज का शेड्यूल: "दीनदयाल योजना" का शुभारंभ, अनुकम्पा नियुक्ति पत्र वितरण और विभागीय बैठक में होंगे शामिल, जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम...

पद्मश्री विभूतियों से मिले CM, कला-संस्कृति पर हुई चर्चा

समारोह में पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की मौजूदगी विशेष आकर्षण रही। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सूफी गायक पद्मश्री मदन सिंह चौहान से मुलाकात कर संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान और साधना की सराहना की।

इसके अलावा पद्मश्री पंडीराम मंडावी से अबूझमाड़ की पारंपरिक काष्ठकला और उसके संरक्षण के प्रयासों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की जनजातीय कला और संस्कृति छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित भारती बंधु से भी मुलाकात की और संत कबीर की वाणी एवं भक्ति संगीत को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।

जनजातीय बच्चों तक अंतरिक्ष विज्ञान पहुंचाने की पहल की सराहना

विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से परिचित कराने के लिए संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय और दूरस्थ अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की है।

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए समाज की सहभागिता जरूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संगठनों और विभूतियों का अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा प्रदान करती है। सेवा, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक जागरण, उद्योग और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास प्रदेश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को भी विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस लक्ष्य को हासिल करने में समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *