19 Nov 2026, Thu

अमित बघेल को फिर मिली बड़ी राहत: सुप्रीम कोर्ट ने 14 मामलों में दी नियमित जमानत, रायपुर जिले से बाहर रहने की पाबंदी भी हटाई

रायपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक और जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने गुरुवार को हेट स्पीच से जुड़े 14 आपराधिक मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी है। इसके साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने की शर्त भी हटा दी गई है।

ये सभी मामले रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद दिए गए उनके कथित विवादित बयान से जुड़े हैं।

हाईकोर्ट ने दी थी तीन महीने की अंतरिम जमानत

इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को अमित बघेल को इन 14 मामलों में तीन महीने की अस्थायी जमानत दी थी। हालांकि, बलौदाबाजार आगजनी कांड से जुड़े अन्य मामलों में जेल में बंद होने के कारण उन्हें 22 जुलाई को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा किया गया था। उनकी अस्थायी जमानत की अवधि 22 अक्टूबर को समाप्त हो गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 11 नवंबर को किया था सरेंडर

हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए अमित बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। इस पर 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दो सप्ताह के भीतर हेट स्पीच से जुड़े सभी 14 मामलों में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। आदेश के पालन में उन्होंने 11 नवंबर को सरेंडर कर दिया था।

बचाव पक्ष ने जेल में बिताए सात महीने से ज्यादा समय का दिया हवाला

गुरुवार को सुनवाई के दौरान अमित बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे और अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने दलील दी कि जिन अपराधों में अधिकतम तीन साल की सजा का प्रावधान है, उनमें अमित बघेल सात महीने से अधिक समय न्यायिक हिरासत में बिता चुके हैं।

पढ़ें   छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने 45 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी, 317 करोड़ की संपत्तियों का हुआ विक्रय

वहीं, राज्य सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए बताया कि अमित बघेल के खिलाफ इन 14 मामलों के अलावा 19 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। सरकार ने यह भी दलील दी कि अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने तत्काल आत्मसमर्पण नहीं किया था।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी 14 मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी और रायपुर जिले से बाहर रहने की पाबंदी भी हटा दी।

छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ के बाद शुरू हुआ था विवाद

पूरा मामला 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान हंगामा हुआ और कार्यकर्ताओं तथा पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी।

बाद में प्रतिमा को दोबारा स्थापित किया गया और पुलिस ने तोड़फोड़ के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के परिजनों ने उसके मानसिक रूप से बीमार होने और पहले सेंदरी तथा रांची में इलाज कराए जाने की बात कही थी।

इस घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।

प्रदेशभर में हुआ था विरोध प्रदर्शन

अमित बघेल की कथित टिप्पणी के विरोध में रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत प्रदेश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे। अग्रवाल समाज सहित विभिन्न संगठनों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।

पढ़ें   दुर्ग में पशु क्रूरता की हदें पार: घरेलू मवेशी को हथौड़े से पीट-पीटकर मारा, आरोपी गिरफ्तार

समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग थानों में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थीं।

2022 में स्थापित की गई थी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा

रायपुर के तेलीबांधा तालाब के पास स्थित छत्तीसगढ़ महतारी उद्यान में मुख्य प्रतिमा स्थापित है। वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसका अनावरण किया था। इसी दौरान प्रदेश के 33 जिलों में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं स्थापित करने की घोषणा भी की गई थी।

प्रतिमा में छत्तीसगढ़ महतारी को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधान और आभूषणों में दर्शाया गया है। उनके एक हाथ में धान की बालियां प्रदेश की कृषि संस्कृति का प्रतीक हैं, जबकि दूसरे हाथ में दीपक ज्ञान, शांति और समृद्धि का संदेश देता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *