19 Nov 2026, Thu

CG में देह व्यापार का खुलासा: किराए के मकान में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 52 साल के संचालक को पकड़ा

रायगढ़, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। केलो विहार स्थित किराए के मकान में दबिश देकर पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत यह कार्रवाई की गई है। 18 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू, केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराए पर लेकर एक युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है।

सूचना मिलने के बाद एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।

ग्राहक बनकर मकान में पहुंचा पुलिस का पाइंटर

पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। पाइंटर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं।

पुलिस के अनुसार, युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की बात सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने पैसों की जरूरत के चलते इस गतिविधि में शामिल होना बताया। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पढ़ें   गांधी-शास्त्री जयंती पर CM साय ने किया नमन: सत्य-अहिंसा और ‘जय जवान-जय किसान’ के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना और प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *