19 Nov 2026, Thu

पाकिस्तान ने भारत भेजा धमकी देने वाला मंत्री: मुसादिक मलिक SCO बैठक में लेंगे हिस्सा, सभी सदस्य देशों को मिला था न्योता

नई दिल्ली, 19 नवंबर। भारत को सिंधु जल समझौते को लेकर ‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक भारत आने वाले हैं। वह 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की सिविलाइजेशनल डायलॉग बैठक में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पाकिस्तान ने इस बैठक के लिए मुसादिक मलिक को अपना प्रतिनिधि नामित किया है। खास बात यह है कि भारत ने ही SCO की बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को निमंत्रण भेजा था, जिसे पड़ोसी देश ने स्वीकार कर लिया।

सिंधु जल समझौते पर दी थी धमकी

मुसादिक मलिक वही पाकिस्तानी मंत्री हैं, जिन्होंने सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को विवादित धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। उनके इस बयान के बाद काफी विवाद हुआ था।

दरअसल, पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला लिया था। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान की ओर से लगातार बयानबाजी होती रही है।

मई 2023 के बाद पहली बार पाकिस्तानी संघीय मंत्री का दौरा

मुसादिक मलिक की यह यात्रा कूटनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा हो सकती है। वह 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में रहेंगे और SCO के सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक संवाद में हिस्सा लेंगे।

10 देश हैं SCO के सदस्य

शंघाई सहयोग संगठन में भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस सहित कुल 10 देश शामिल हैं। भारत की ओर से सभी सदस्य देशों को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

पढ़ें   रायपुर में आज बहु-हितधारक कार्यशाला: दिव्यांग बच्चों और बालिकाओं की सुरक्षा पर होगा जोर, मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े रहेंगी मुख्य अतिथि, विशेषज्ञ और अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन<br><br>

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल भी पहले पुष्टि कर चुके हैं कि भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को इस बैठक के लिए आमंत्रित किया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *