बीजापुर, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना पामेड़ और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने जीड़पल्ली के जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। इसमें 2 बीजीएल लॉन्चर और 36 बीजीएल सेल मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को थाना पामेड़ क्षेत्र के ग्राम जीड़पल्ली के जंगलों में माओवादी डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना पामेड़ और कोबरा 208वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान मिला विस्फोटक सामान
सर्चिंग अभियान के दौरान संयुक्त टीम को जंगल में माओवादियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डंप मिला। इसकी तलाशी लेने पर 2 नग बीजीएल लॉन्चर और 36 नग बीजीएल सेल बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्रियों को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया।

संदिग्ध वस्तुओं की सूचना देने की अपील
बीजापुर पुलिस के अनुसार, जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल स्थापित करने के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को छूने की कोशिश न करें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

