21 Nov 2026, Sat

सीएम योगी की यूपी पुलिस होगी और हाईटेक, तीन संस्थानों के साथ हुआ एमओयू

सीएम योगी की यूपी पुलिस और होगी हाईटेक, तीन संस्थानों से हुआ एमओयू

आईआईटी कानपुर, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और प्रोटियन के साथ साझेदारी से मजबूत होगी साइबर सुरक्षा और डिजिटल पुलिसिंग

लखनऊ,
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल पुलिसिंग और डेटा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए यूपी पुलिस ने आईआईटी कानपुर, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और प्रोटियन ई-जीओवी टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के साथ तीन समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा के मार्गदर्शन में किए गए इन समझौतों का उद्देश्य पुलिस की तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने, साइबर अपराधों से निपटने और नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाना है। तकनीकी आधुनिकीकरण और नवाचार को यूपी पुलिस की 10 प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

आईआईटी कानपुर के साथ साझेदारी में साइबर सुरक्षा, साइबर फॉरेंसिक, एआई आधारित पुलिसिंग और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण पर अनुसंधान होगा। साथ ही पुलिसकर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के सहयोग से पुलिस की डिजिटल सेवाओं, आईटी अवसंरचना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का आधुनिकीकरण किया जाएगा। वहीं, प्रोटियन ई-जीओवी टेक्नोलॉजीज के साथ समझौते के तहत विभिन्न पुलिस प्रणालियों के बीच सुरक्षित डेटा आदान-प्रदान, डिजिटल पहचान और डेटा प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा।

तीनों एमओयू पर यूपी पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं भगवान स्वरूप ने हस्ताक्षर किए। पुलिस उपमहानिरीक्षक तकनीकी सेवाएं आशीष तिवारी की भी इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन समझौतों का समन्वय तकनीकी सेवाएं मुख्यालय करेगा। इससे यूपी पुलिस में आधुनिक तकनीक, सुरक्षित डिजिटल व्यवस्था और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।

Share
पढ़ें   गोमती के तट पर आध्यात्मिक संगम, 1090 पर लगी प्रदर्शनी में लोगों ने किया ‘योगी की पाती’ का अवलोकन

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *