21 Nov 2026, Sat

मध्यप्रदेश और इंदौर को राष्ट्रीय सम्मान, ऋण वितरण में राज्य नंबर-1 तो मिलियन प्लस सिटी में इंदौर अव्वल

पीएम स्वनिधि योजना
मध्यप्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य और सर्वाधिक ऋण वितरण में देश में प्रथम स्थान

मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में नगर निगम इंदौर को देश में प्रथम पुरस्कार
टाउन सिटी श्रेणी में नगर पालिका परिषद सारणी ने द्वितीय तथा नगर पालिका परिषद बालाघाट ने तृतीय स्थान किया प्राप्त
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में प्रदान किए स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026

भोपाल 

पीएम स्वनिधि योजना

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 'स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026' समारोह में मध्यप्रदेश को दो राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदेश ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य तथा सर्वाधिक ऋण वितरण की श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश के तीन नगरीय निकाय इंदौर, सारणी और बालाघाट ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

जनजातीय बाहुल्य जिले बालाघाट को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों एवं जनजातीय समुदाय के लाभार्थियों तक इस योजना का लाभ पहुंचा है। मालवा अंचल के इंदौर से लेकर सतपुड़ा अंचल के सारणी और महाकौशल के बालाघाट की यह राष्ट्रीय उपलब्धियां प्रदेश में इस योजना के व्यापक क्रियान्वयन एवं प्रसार को रेखांकित करती है।

समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। मध्यप्रदेश की ओर से नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे तथा अपर आयुक्त एवं मिशन संचालक पीएम स्वनिधि शिशिर गेमावत ने पुरस्कार प्राप्त किए।

पढ़ें   भोपाल-ग्वालियर के बीच बनेगा नया मार्ग, प्रदेश में 63,296 करोड़ की पांच बड़ी सड़क परियोजनाएं

इंदौर देश में प्रथम, सारणी द्वितीय और बालाघाट तृतीय स्थान पर

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मिलियन प्लस सिटी श्रेणी में नगर निगम इंदौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इंदौर ने पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने, योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसी प्रकार टाउन सिटी श्रेणी में नगर पालिका परिषद सारणी ने द्वितीय तथा नगर पालिका परिषद बालाघाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। दोनों निकाय ने पात्र पथ विक्रेताओं की पहचान, ऋण आवेदन एवं स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग, बैंकिंग संस्थाओं के साथ समन्वय तथा योजना के लाभों को अंतिम हितग्राही तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य के साथ तीन नगरीय निकाय को राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान प्रदेश में पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।

प्रदेश के 10.87 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को आर्थिक संबल

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में अब तक 10 लाख 87 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश में 17 लाख 22 हजार से अधिक ऋण प्रकरणों के माध्यम से लगभग 2 हजार 827 करोड़ 84 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। योजना ने शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी, ठेला, फल-सब्जी, खाद्य सामग्री और अन्य छोटे व्यवसायों से जुड़े पथ विक्रेताओं को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बिना संपार्श्विक प्रतिभूति के कार्यशील पूंजी ऋण मिलने से छोटे व्यवसायियों को अपना कारोबार संचालित करने, व्यवसाय का विस्तार करने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त हुए हैं।

डिजिटल भुगतान और महिला सशक्तिकरण में भी उल्लेखनीय प्रगति

मध्यप्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयास किए गए हैं। प्रदेश के 7 लाख 61 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं ने डिजिटल लेनदेन को अपनाया है। डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के परिणामस्वरूप हितग्राहियों को 59 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की कैशबैक प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। योजना के कुल हितग्राहियों में लगभग 40 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होने के साथ ही पारिवारिक आय बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिली है।

पढ़ें   भारत की बड़ी उपलब्धि! तैयार हुई पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, 20 नवंबर को भोपाल में लॉन्चिंग

नगरीय निकायों, बैंकिंग संस्थाओं और पथ विक्रेताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इन उपलब्धियों के लिए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों, विशेष रूप से इंदौर, सारणी और बालाघाट के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। विभाग ने इस उपलब्धि में बैंकिंग संस्थाओं, योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पथ विक्रेताओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया है। प्रदेश में आगामी समय में भी पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल भुगतान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि शहरी आजीविका को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

राष्ट्रीय समारोह में राज्यों और नगरीय निकायों के उत्कृष्ट योगदान का सम्मान

भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 समारोह में पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, नगरीय निकायों, ऋण प्रदाता संस्थाओं तथा सहयोगी संगठनों को सम्मानित किया गया। समारोह में वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, डिजिटल भुगतान, हितग्राही सशक्तिकरण तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित उपलब्धियों को प्रमुखता दी गई। मध्यप्रदेश को प्राप्त दो राज्यस्तरीय राष्ट्रीय पुरस्कार तथा इंदौर, सारणी और बालाघाट की उपलब्धियां प्रदेश में योजना के व्यापक क्रियान्वयन और विभिन्न स्तरों पर किए गए समन्वित प्रयासों को दर्शाती हैं।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *