21 Nov 2026, Sat

होर्मुज से आई बड़ी खबर, 9 भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने तेज की कार्रवाई

 नई दिल्ली

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। इस इलाके में भारतीय झंडे वाले या भारत से जुड़े 9 जहाजों पर विशेष नजर रखी जा रही है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

सोनोवाल ने गुरुवार को मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा हुई। उन्होंने समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) को संवेदनशील समुद्री क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा संबंधी सूचनाएं समय पर शेयर करने के निर्देश दिए।

समुद्री क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश
मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोनोवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने को कहा है। इनमें शामिल हैं:

    संवेदनशील और जोखिम वाले समुद्री क्षेत्रों में गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना।
    सुरक्षा संबंधी चेतावनियां और सलाह समय पर जहाजों तक पहुंचाना।
    शिपिंग कंपनियों और जहाज संचालकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना।
    भारतीय नाविकों को संभावित खतरों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना।

व्यापारिक जहाजों पर हमलों की निंदा
सोनोवाल ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे बार-बार के हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने खास तौर पर उन घटनाओं पर चिंता जताई, जिनमें भारतीय नाविकों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इनसे समुद्री व्यापार प्रभावित होता है और वैश्विक सप्लाई चेन की स्थिरता भी कमजोर पड़ती है।

पढ़ें   भोपाल में SIR पर सियासी घमासान, INDI गठबंधन की रैली में जुटेंगे बड़े नेता

विदेश मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से तालमेल
केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को विदेश मंत्रालय, भारतीय राजनयिक मिशनों, समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया है।

होर्मुज से 86 बार गुजर चुके हैं भारत से जुड़े जहाज
मंत्रालय के मुताबिक, भारत के झंडे वाले जहाजों या भारत के लिए सामान लेकर जाने वाले जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से अब तक 86 बार आवाजाही की है। जहाजों की निगरानी के लिए मंत्रालय के ई-नाविक सीफेयरर ट्रैकिंग मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में फारस की खाड़ी में 800 से अधिक जहाजों पर नजर रखी जा रही है। होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाजों की निगरानी की जा रही है। इस तरह मंत्रालय भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के साथ-साथ इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र में जहाजों की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *