21 Nov 2026, Sat

धरती से 22.5 करोड़ KM दूर मंगल पर मिली बर्फ की विशाल दीवार, पानी का बड़ा संकेत

मुंबई 
धरती से कोई 22.5 करोड़ किलोमीटर दूर स्थित मंगल ग्रह पर कुछ अजीब दिखा है. इंटरनेशनल रिसर्चर्स की एक टीम ने लाल ग्रह की सतह पर खड़ी चट्टानों वाली 29 अजीब संरचनाओं की पहचान की है. माना जा रहा है कि इन चट्टानों के नीचे प्राचीन बर्फ के विशाल ग्लेशियर छिपे हुए हैं. यह खोज मंगल के उत्तरी गोलार्ध में स्थित अल्बा मॉन्स ज्वालामुखी के आसपास की गई है. ‘अर्थ एंड प्लैनेटरी साइंस लेटर्स’ जर्नल में छपी स्टडी के अनुसार टीम ने कुल 738 क्रेटर्स की जांच की थी. इनमें से 29 जगहों पर 3 किलोमीटर तक फैले और 209 मीटर ऊंचे ग्लेशियर मिले हैं. अगर यह बर्फ सुरक्षित साबित होती है तो भविष्य में मंगल पर जाने वाले एस्ट्रोनॉट्स के लिए यह पानी का स्रोत बन सकती है। 

738 क्रेटर्स की जांच और 3डी मैप से साइंटिस्ट्स ने कैसे पकड़ा यह सुराग?
मंगल ग्रह का पानी और बर्फ के साथ हमेशा से जटिल रिश्ता रहा है. आज मंगल का वायुमंडल इतना पतला और ठंडा है कि वहां तरल पानी का टिकना नामुमकिन है. इसके बावजूद ग्रह के ध्रुवीय इलाकों में सतह पर काफी बर्फ मौजूद है. ध्रुवों के अलावा ग्रह की ऊपरी परत के नीचे भी भारी मात्रा में बर्फ दबे होने का अनुमान था. इसी की तलाश के लिए रिसर्चर्स ने नासा के मार्स रिकॉनिसेंस ऑर्बिटर और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के एक्सोमार्स ट्रेस गैस ऑर्बिटर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। 

टीम ने अल्बा मॉन्स इलाके के कुल 738 क्रेटर्स को खंगाला. सैटेलाइट तस्वीरों के जोड़ों की मदद से इन गड्ढों के सटीक 3डी मैप बनाए गए. बाद में कंप्यूटर मॉडलिंग के जरिए समझा गया कि ये ग्लेशियर कैसे बने होंगे. तुलना करने के लिए टीम ने पृथ्वी पर आइसलैंड में मौजूद ऐसी ही बर्फीली संरचनाओं का भी अध्ययन किया। 

पढ़ें   योगी का विपक्ष पर निशाना, कहा- BJP की तीसरी जीत को लेकर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए

209 मीटर ऊंची बर्फीली चट्टानें और 3 किलोमीटर का फैलाव
    पड़ताल में सामने आया कि धूल, पत्थरों और मलबे के नीचे बर्फ के 29 बड़े भंडार दबे हुए हैं. मलबे की यह मोटी परत अंदर मौजूद बर्फ को मंगल के कठोर वायुमंडल से बचाने का काम करती है। 

    इन ग्लेशियरों की ढलान कुछ जगहों पर 3 किलोमीटर यानी करीब 1.9 मील तक फैली हुई है. इनका निचला सिरा अचानक 209 मीटर या 686 फीट ऊंची खड़ी चट्टानों के रूप में खत्म होता है. जियोलॉजी की भाषा में इन्हें विस्कस फ्लो फीचर्स कहा जाता है। 

    रिसर्चर्स ने अपने पेपर में लिखा, ‘ये संरचनाएं क्रेटर की ध्रुव की ओर झुकी ढलानों पर बनी हैं जहां ठंडा मौसम इन्हें सुरक्षित रखता है.’ कई चट्टानों पर क्रेटर के किनारों से गिरकर नीचे जमा हुए पत्थरों के निशान भी साफ दिखे हैं। 

यह खोज मंगल ग्रह के पुराने जलवायु इतिहास को समझने की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती है. अपनी धुरी पर मंगल का झुकाव बदलने से वहां के तापमान और बर्फ के खिसकने का पैटर्न भी बदलता रहा है. कंप्यूटर मॉडल बताते हैं कि ये ग्लेशियर मंगल पर आए किसी हालिया ठंडे दौर के बचे हुए हिस्से हैं। 

भविष्य में जब इंसान मंगल ग्रह पर कदम रखेगा तो उसे जिंदा रहने के लिए पानी की सख्त जरूरत होगी. ऐसे में यह जानना बेहद अहम है कि मंगल पर बर्फ कहां छिपी है और उसके ऊपर कितना मलबा जमा है। 

अब साइंटिस्ट्स इस इलाके की और साफ तस्वीरें जुटाने की तैयारी कर रहे हैं. टीम मंगल के दूसरे हिस्सों में भी ऐसे ही ग्लेशियरों की तलाश करेगी। 

पढ़ें   स्कूलों का निजीकरण नहीं होगा, भवन और जमीन का मालिकाना हक सरकार के पास रहेगा

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *