21 Nov 2026, Sat

झारखंड के युवाओं को मिलेगा बिजनेस का मौका, GeM-टिक्की करार से खुलेंगे स्वरोजगार के रास्ते

 रांची
 देश के जनजातीय उद्यमियों तथा व्यवसायियों को सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ने और उनके लिए नए आर्थिक अवसरों के द्वार खोलने की दिशा में शुक्रवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

मोदी सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत संचालित गवर्नमेंट इ मार्केटप्लेस (जीईएम) और ट्राइबल इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (टिक्की) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

सरकारी खरीद प्रक्रिया में सक्षम बनाने का प्रयास
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य देशभर के जनजातीय उद्यमियों एवं आदिवासी स्वामित्व वाले व्यवसायों को केंद्र एवं राज्य सरकारों, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य सरकारी संस्थानों की खरीद प्रक्रिया में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सहयोगात्मक व्यवस्था विकसित करना है।

समझौते पर जीईएम के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा टिक्की से राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधाकर धरावत एवं राष्ट्रीय महासचिव बसंत तिर्की ने हस्ताक्षर किया। बताया गया कि जनजातीय उद्यमियों को सरकारी बाजार की संभावनाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें व्यवसाय संचालन और सरकारी खरीद प्रक्रिया में सक्षम बनाने का प्रयास किया जाएगा।

रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का अवसर
टिक्की का मानना है कि जनजातीय समाज का वास्तविक आर्थिक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब आदिवासी युवाओं और उद्यमियों को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का अवसर मिले।

भारत में बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के लोग विनिर्माण, वस्त्र उद्योग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, निर्माण, परिवहन, तकनीकी सेवाओं और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। लेकिन सरकारी बाजार तक पहुंच, निविदा प्रक्रिया की जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन के अभाव में उनकी भागीदारी सीमित रह जाती है।

पढ़ें   सीएम योगी ने ऑनलाइन स्व-गणना कर जनगणना प्रक्रिया में की भागीदारी

प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन मिले
टिक्की के राष्ट्रीय महासचिव बसंत तिर्की ने कहा कि देश के प्रत्येक राज्य में रहने वाले जनजातीय उद्यमियों को सरकारी खरीद व्यवस्था की जानकारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन मिले, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।

यह पहल जनजातीय उद्यमियों को अवसरों से जोड़ने, उनकी व्यावसायिक क्षमता बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। हस्ताक्षर समारोह में मुख्य रूप से अनमोल पिंगुआ, रोहित कंडूलना, रहमान खेस, विजय टोप्पो, गंगाराम गागराई मौजूद थे।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *