22 Nov 2026, Sun

नई कार खरीदने वालों को झटका, मारुति ने बढ़ाई कीमतें, जानिए कितना हुआ इजाफा

नई दिल्ली
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने एक बार फिर ग्राहकों को झटका दिया है. कंपनी ने रविवार, 22 नवंबर 2026 से अपने चुनिंदा कार मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. अगर आप भी मारुति की नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अब आपको इसके लिए पहले के मुकाबले थोड़े ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. कंपनी का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के चलते कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है. हालांकि, मारुति ने इस बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर कम से कम रखने की कोशिश की है.

कितनी महंगी हुईं कारें
Maruti Suzuki ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि कंपनी ने बढ़्रते इनपुट कॉस्ट को देखते हुए चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है. यह नई कीमतें 22 नवंबर 2026 से यानी आज से ही लागू हो गई हैं. कंपनी के मुताबिक, कीमतों में औसतन करीब 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. यह वॉल्यूम-वेटेड एवरेज प्राइस इंक्रीज है, यानी अलग-अलग मॉडलों की बिक्री के हिसाब से कीमतों में औसत बढ़ोतरी का आंकड़ा है.

कंपनी का कहना है कि लागत कम करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात में बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना कंपनी के लिए जरूरी हो गया है. हालांकि, कंपनी ने यह भी साफ किया है कि उसकी कोशिश ग्राहकों पर इस बढ़ोतरी का असर कम से कम रखने की है. फिलहाल कंपनी ने सभी मॉडलों की नई कीमतों की डिटेल को साझा नहीं किया है.

पढ़ें   मेहनत, लगन और हौसले से आराध्या ने लिखी सफलता की नई कहानी

6 महीने में चौथी बार बढ़ाई कीमतें
मारुति सुजुकी की ओर से कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है, जब कंपनी चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में पहले ही तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है. इन तीनों बढ़ोतरी को मिला दें तो कारों की कीमतों में कुल इजाफा 1 फीसदी से थोड़ा ज्यादा हो गया है. अब नवंबर में हुई नई बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों को कंपनी की चुनिंदा कारों के लिए और ज्यादा कीमत चुकानी होगी.

दिलचस्प बात यह है कि मारुति सुजुकी की गाड़ियों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी के मुनाफे पर दबाव बना हुआ है. फाइनेंशियल ईयर 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.36 फीसदी गिरकर 2,466.1 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, इस दौरान कंपनी ने रिकॉर्ड तिमाही बिक्री दर्ज की और उसके रेवेन्यू में भी तेज बढ़ोतरी हुई.

कंपनी की कमाई पर कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का असर पड़ा है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते इनपुट कॉस्ट बढ़ी, जिसका असर कंपनी के मुनाफे पर दिखाई दिया. दूसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन भी घटकर 9.4 फीसदी रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 12.7 फीसदी था.

कीमत बढ़ने से भी नहीं संभला मार्जिन
दूसरी तिमाही के दौरान मारुति को ज्यादा बिक्री और बेहतर कीमतों से फायदा जरूर हुआ, लेकिन बढ़ती लागत ने इस फायदे का बड़ा हिस्सा कम कर दिया. कंपनी ने खर्चों पर कंट्रोल करने के लिए मार्केटिंग पर होने वाले खर्च में भी कटौती की. इसके बावजूद लागत का दबाव कम नहीं हुआ. दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद कंपनी ने संकेत दिया था कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में जरूरत के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया जा सकता है. अब कंपनी ने इसी दिशा में कदम उठाते हुए चुनिंदा मॉडलों को महंगा कर दिया है.

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *