22 Nov 2026, Sun

लखनऊ में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सीएम योगी की मौजूदगी में परखी गई आपातकालीन तैयारियां

हवाई हमले से लेकर केमिकल अटैक तक का अभ्यास, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने दिखाया राहत-बचाव का दम

ब्लैकआउट, बम धमाके और आगजनी का जीवंत प्रदर्शन, सुरक्षित शेल्टर में पहुंचाए गए नागरिक

फायर सूट, अग्निशमन यंत्र और अस्थायी स्ट्रेचर से घायलों को बचाने के तरीके बताए

लखनऊ
युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में नागरिक सुरक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित इस व्यापक मॉक ड्रिल में हवाई हमले, बम धमाके, आगजनी, इमारत ढहने, मलबे में लोगों के दबने, जहरीली गैस और रेडिएशन फैलने जैसी आपात स्थितियों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने समन्वित तरीके से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल की शुरुआत ब्लैकआउट और हवाई हमले के अलर्ट से हुई। सामान्य जनजीवन के बीच अचानक हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई। देखते ही देखते क्षेत्र में ब्लैकआउट हो गया और बम धमाकों की आवाज के साथ अलग-अलग स्थानों पर आग लगने तथा इमारतों के क्षतिग्रस्त होने का दृश्य तैयार किया गया। हमले की स्थिति में मौजूद नागरिक जमीन पर पेट के बल लेट गए और अपने कान एवं आंखों को हाथों से ढककर सुरक्षित रहने का अभ्यास करते दिखाई दिए। वहीं, कुछ लोगों को नजदीकी सुरक्षित शेल्टर और भवनों के बेसमेंट में पहुंचाया गया।

पढ़ें   सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने की वायरल सूचना पूरी तरह फर्जी और भ्रामक: डॉ. प्रशांत कुमार

ब्लैकआउट और हवाई हमले से बचाव का दिया संदेश
मॉक ड्रिल के दौरान बताया गया कि ब्लैकआउट का मुख्य उद्देश्य दुश्मन के विमानों को नीचे स्थित रिहायशी इलाकों की पहचान करने से रोकना है। रेड अलर्ट जारी होने पर घरों की सभी लाइटें बंद करना और खिड़की-दरवाजों से दूर सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है। अभ्यास के दौरान एयरफोर्स स्टेशन से सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम को हवाई हमला समाप्त होने का ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा, ताकि बचाव अभियान में कोई बाधा न आए और अतिरिक्त जनहानि की आशंका न रहे।

आग बुझाने के लिए दिखाए गए अलग-अलग तरीके
हवाई हमले के बाद घटनास्थल पर कई जगह आग लगने का दृश्य तैयार किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने अलग-अलग प्रकार की आग बुझाने के तरीकों का प्रदर्शन किया। सूखी लकड़ियों में लगी आग को वाटर टाइप अग्निशमन यंत्र से कूलिंग मेथड के जरिए बुझाया गया। पेट्रोल के छोटे टैंकर में लगी आग को भीगे कंबल से ढककर ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने वाले स्मूथरिंग मेथड से नियंत्रित किया गया। वहीं, रासायनिक पदार्थ में लगी आग पर फोम टाइप एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडरों में आग लगने की स्थिति में भीगे कंबल और आसपास मौजूद ज्वलनशील वस्तुओं को हटाकर आग पर काबू पाने का तरीका दिखाया गया।

एक अन्य प्रदर्शन में नागरिक सुरक्षा के लखनऊ चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा फायर सूट पहनकर धुएं से भरे क्षेत्र में दाखिल हुए और वहां फंसे घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम ने फायर टेंडर और होज पाइप की मदद से बड़ी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।

पढ़ें   किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच होगा सीधा अनुबंध, चारे के बदले मिलेगी जैविक खाद

बिना उपकरण के घायलों को सुरक्षित पहुंचाने का प्रदर्शन
मॉक ड्रिल में बम धमाकों से घायल हुए लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने ह्यूमन क्रैडल यानी मानवीय पालना, पीठ पर उठाकर ले जाना, टू-हैंडेड सीट और मानवीय बैसाखी जैसे तरीकों से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास किया।

सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए दो बांस के डंडों और मोटे कपड़े की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार किया गया। स्वयंसेवकों ने पहले घायल के सिर पर पट्टी बांधकर रक्तस्राव रोकने का अभ्यास किया और फिर उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर मेडिकल कैंप तक पहुंचाया।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *