23 Nov 2026, Mon

शशि थरूर अब करेंगे होस्टिंग, रामायण पर आधारित डॉक्यूमेंट्री सीरीज में आएंगे नजर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर बहुत जल्द एक नए अंदाज में नजर आने वाले हैं. वह अब होस्टिंग करते नजर आएंगे. उनकी इस होस्टिंग का कनेक्शन रामायण से है. वह रामायण को लेकर एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज को होस्ट करेंगे.

शशि थरूर 'इतिहास: रामायण बियॉन्ड बॉर्डर्स' नाम की डॉक्यूमेंट्रई सीरीज को होस्ट करेंगे. यह चार एपिसोड की सीरीज होगी, जिसे सात दिसंबर को डिस्कवरी और डिस्कवरी प्लस पर दिखाया जाएगा. इसके जरिए वह एशिया के अलग-अलग देशों में रामायण के सफर और वहां की संस्कृतियों में इसके बदलते स्वरूप को समझाते नजर आएंगे.

भारत को केंद्र में रखकर बनाई गई यह सीरीज बताएगी कि रामायण किस तरह भारत की सीमाओं से निकलकर एशिया के अलग-अलग देशों तक पहुंची और वहां की संस्कृति का हिस्सा बन गई. इसमें कंबोडिया, श्रीलंका, थाईलैंड, फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया में रामायण और उसके स्थानीय रूपों को दिखाया जाएगा. सीरीज बताएगी कि इन देशों में रामायण के पात्रों, प्रसंगों और मूल विचारों को किस तरह अलग-अलग सांस्कृतिक संदर्भों में अपनाया गया.

शशि थरूर दर्शकों को रामायण के अलग-अलग संस्करणों से रूबरू कराएंगे. वह इसके साहित्यिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर बात करेंगे.

इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर थरूर का कहना है कि धार्मिक महत्व से इतर रामायण हमेशा से उनकी साहित्यिक रूचि का विषय रहा है. यह ऐसी कथा है, जिसने सदियों और संस्कृतियों का सफर तय किया है. उन्होंने बताया कि वर्षों से वह रामायण के अलग-अलग रूपों और इसकी प्रस्तुतियों के बारे में पढ़ते और समझते रहे हैं. हर संस्करण उस समाज के बारे में कुछ बताता है, जिसने उसे अपने ढंग से गढ़ा है.

पढ़ें   सलमान खान से बचाने के लिए ऐश्वर्या राय ने रखा था बॉडीगार्ड? केतन कराडे का बड़ा खुलासा

थरूर के मुताबिक, रामायण की इस व्यापक सांस्कृतिक पहुंच को दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से उन्होंने इस सीरीज की मेजबानी करने का फैसला किया. सीरीज के चारों एपिसोड राम, सीता, हनुमान और रावण पर केंद्रित होंगे. इसमें अलग-अलग देशों में इन पात्रों के चित्रण और उनसे जुड़े मूल्यों में आए बदलावों को समझा जाएगा.

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *