23 Nov 2026, Mon

धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोपों को CM साय ने किया खारिज: बोले- बताएं कहां खरीदी बंद है, इस साल खुले 360 नए केंद्र

 

रायपुर, 23 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा, “वे बताएं कि कहां धान खरीदी शुरू नहीं हुई है।” मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।

दरअसल, कांग्रेस ने सोमवार को साय सरकार पर धान खरीदी की व्यवस्था में कुप्रबंधन और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को अध्यक्षविहीन रखने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने इसके विरोध में 26 नवंबर 2026 को रायपुर में संविधान बचाओ मार्च निकालने का ऐलान भी किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए दावा किया कि प्रदेश के 3,100 धान खरीदी केंद्रों में से करीब 1,000 केंद्रों पर खरीदी शुरू नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रों में तौल, बारदाने और टोकन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए सरकार पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

बैज ने कहा कि धान खरीदी पोर्टल में कई किसानों का रकबा शून्य दिखाई दे रहा है। इससे किसानों को इनपुट सहायता और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बेचने का लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई किसानों की धान की जमीन को दूसरे फसलों के रकबे में दर्ज कर दिया गया है। कुछ किसानों का रकबा कम दर्ज है और गलतियों को सुधारने में देरी हो रही है। इसके कारण किसान सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

पढ़ें   3.80 करोड़ की सड़क का शुभारंभ: जयनगर-कासापारा को मिलेगी नई रफ्तार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया भूमिपूजन

उन्होंने हाल ही में समाप्त हुई पटवारियों की हड़ताल का जिक्र करते हुए सरकार से राजस्व अधिकारियों को किसानों का पंजीयन, जमीन का बंटवारा और राजस्व रिकॉर्ड तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश देने की मांग की, ताकि किसान बिना परेशानी के धान बेच सकें।

75 दिन से खाली है CGPSC अध्यक्ष का पद

भर्ती प्रक्रिया को लेकर दीपक बैज ने कहा कि CGPSC अध्यक्ष का पद 8 सितंबर 2026 से खाली है। उनके मुताबिक, आयोग का कामकाज प्रभावित हो रहा है और करीब ढाई महीने से परीक्षाओं और साक्षात्कार की प्रक्रिया में देरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि 2025 भर्ती प्रक्रिया के इंटरव्यू अनिश्चितकाल के लिए टाल दिए गए हैं।

बैज ने 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के ‘मोदी की गारंटी’ के तहत भर्ती परीक्षाएं UPSC की तर्ज पर कराने के वादे का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यही UPSC पैटर्न है?” कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से प्रदेश के युवाओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।

26 नवंबर को रायपुर में निकलेगा संविधान बचाओ मार्च

दीपक बैज ने बताया कि 26 नवंबर 2026 को रायपुर में संविधान बचाओ मार्च निकाला जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। बैज ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस देश के सभी राज्यों की राजधानियों में भी इसी तरह के मार्च आयोजित करेगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *