23 Nov 2026, Mon

महादेव सट्टा केस में 15 करोड़ लेने वाला वकील गिरफ्तार: सौरभ चंद्राकर से कहा था- जज और अधिकारियों को सेट कर दूंगा

रायपुर, 23 नवंबर 2026। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने और जजों व अधिकारियों को सेट करने का भरोसा देकर 15 करोड़ रुपए लिए थे। सोमवार रात आरोपी को रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया गया। अब ED उससे कथित लेन-देन और दुबई में हुई मुलाकातों को लेकर पूछताछ करेगी।

ED की पूछताछ में महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने हिमांशु शेखर का नाम लिया था। एजेंसी ने सौरभ को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की थी। इस दौरान सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि अपना केस रफा-दफा कराने के लिए उसने हिमांशु को 15 करोड़ रुपए दिए थे।

जांच एजेंसी के मुताबिक, हिमांशु पिछले तीन वर्षों में कई बार दुबई गया था। वहां उसकी सौरभ चंद्राकर से मुलाकात भी हुई थी। ED इन मुलाकातों और कथित पैसों के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।

दुबई जाने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया था

हिमांशु शेखर को 20 नवंबर को दोपहर करीब 3:03 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय रोक लिया गया था, जब वह दुबई जाने की तैयारी में था। ED रायपुर ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोकने के बाद इसकी सूचना ED के रायपुर जोनल ऑफिस को दी।

इसके बाद ED अधिकारियों ने जरूरी प्रक्रिया पूरी कर 21 नवंबर की रात 1:10 बजे उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। एजेंसी ने उसे मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट में पेश कर दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी, ताकि उसे रायपुर लाकर पूछताछ की जा सके।

पढ़ें   विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विभाजन के पीड़ितों को दी विनम्र श्रद्धांजलि

24 घंटे की समय-सीमा को लेकर कोर्ट में हुआ विवाद

ED की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुनील गोंसाल्विस ने दलील दी थी कि गिरफ्तारी का समय 20 नवंबर दोपहर 3:03 बजे से नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि उस समय हिमांशु किसी जांच अधिकारी की हिरासत में नहीं था। ED के अनुसार, उसकी हिरासत 21 नवंबर की रात 1:10 बजे से मानी जानी चाहिए।

वहीं, बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में अनिवार्य कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। विशेष PMLA कोर्ट ने ED की दलील खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि लुकआउट सर्कुलर रायपुर ED ने जारी किया था और उसी के आधार पर आरोपी को 20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे रोका गया था। इसलिए 24 घंटे की समय-सीमा इसी समय से गिनी जाएगी।

कोर्ट ने कहा कि ED को 21 नवंबर को दोपहर 2 बजे से पहले आरोपी को पेश करना चाहिए था। केवल यात्रा में लगे समय का हवाला देकर देरी को सही नहीं ठहराया जा सकता। अदालत ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार करते हुए हिमांशु की रिहाई का आदेश दिया था।

बॉम्बे हाईकोर्ट से ED को मिली राहत

विशेष PMLA कोर्ट के आदेश को ED के रायपुर जोनल ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर दिब्येंदु मान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इसके लिए क्रिमिनल रिवीजन याचिका दायर की गई। 23 नवंबर को जस्टिस शिवकुमार डिगे की अवकाशकालीन अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई।

ED की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह सहित अन्य वकील उपस्थित हुए। आरोपी की ओर से कोई वकील पेश नहीं हुआ, जबकि उसे ई-मेल के जरिए सुनवाई की सूचना दी गई थी।

पढ़ें   अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर दर्दनाक हादसा : ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक रामगोपाल की ट्रक की टक्कर से मौत

बॉम्बे हाईकोर्ट से ED के पक्ष में फैसला आने के बाद एजेंसी ने आगे की कानूनी कार्रवाई की। अब हिमांशु से सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर दिए गए 15 करोड़ रुपए, दुबई में हुई मुलाकातों और जजों व अधिकारियों को प्रभावित करने के आरोपों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *