24 Nov 2026, Tue

16 दिसंबर को लौटने की तैयारी पर विवाद, हसीना को गिरफ्तार कर जेल भेजने की चेतावनी

 ढाका
बांग्लादेश सरकार ने कहा है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की इच्छा वास्तविकता से मेल नहीं खाती और वह यहां केवल हथकड़ी पहनकर एक आतंकवादी के रूप में ही लौट सकती हैं।

विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने हसीना पर आतंकवाद के आरोप दोहराते हुए कहा, "बांग्लादेश के लोग आतंकवाद का केवल एक ही रूप जानते हैं शेख हसीना द्वारा प्रायोजित अवामी आतंकवाद… वह एक दोषी अपराधी हैं एक भगोड़ी आतंकवादी।"

'शेख हसीना को प्रत्यर्पण करना होगा'
उन्होंने कहा, "अपनी बेचैनी के कारण वह पैसे देकर या लोगों की मदद लेकर चीजें छपवा सकती हैं लेकिन हकीकत और चाहत दो अलग-अलग चीजें हैं। आपको इनके बीच फर्क समझना होगा। हकीकत यह है कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी और तरीके से वापस आने की इजाजत कभी नहीं मिलेगी। रही बात चाहत की तो ऐसा लगता है कि वह बिस्तर पर सोती हैं और उसे बुरे सपने आते हैं, जैसे मैं वापस बांग्लादेश जा रही हूं या मैं हवाई जहाज से वापस जा रही हूं।"

हसीना द्वारा अपनी वापसी की एक निश्चित तारीख घोषित किए जाने के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार की ओर से यह पहली प्रतिक्रिया आई है। इससे देश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ सकता है, जहां उनकी अवामी लीग पार्टी पर प्रतिबंध लगा हुआ है। साथ ही इस महीने की शुरुआत में उनके द्वारा नया पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज मांगे जाने के बाद से देश में हिंसा भी बढ़ गई है।

बांग्लादेश सरकार से शेख हसीना ने क्या कहा?
हसीना ने बांग्लादेश सरकार से यह भी आग्रह किया है कि वह उनके खिलाफ हुए विद्रोह के बाद दिल्ली भाग जाने के महीनों बाद रद किए गए आवश्यक कागजात उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी वापसी के लिए राष्ट्रीय वाहक बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस पर उनकी वापसी की व्यवस्था करे।

पढ़ें   शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में तनाव, यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

हालांकि, सरकार ने फिर दोहराया कि उन्हें केवल भारत के जरिए ही प्रत्यर्पित किया जा सकता है। पिछले साल बांग्लादेश की एक अदालत ने, छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह को कुचलने के लिए घातक कार्रवाई का आदेश देने के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। निर्वासन में रह रहीं हसीना ने इन आरोपों से इनकार किया है

'हथकड़ी लगाकर आना होगा'
हसीना के अनुरोध को खारिज करते हुए कबीर ने कहा, "नहीं, वह कोई आम कमर्शियल यात्री नहीं हैं। उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।"

शेख हसीना को मौत की सजा सुनाने वाले बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने कहा कि एक दोषी और फरार व्यक्ति का यह उम्मीद करना कि सरकार उसकी वापसी का इंतजाम करेगी, तर्कहीन है।

बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हसीना के लौटने पर उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा और उन्हें वापस लाने के लिए विमान भेजने को लेकर भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *