24 Nov 2026, Tue

यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे का अलर्ट, वाहनों की अधिकतम गति सीमा 75 किमी प्रति घंटा होगी

योगी सरकार की सड़क सुरक्षा प्राथमिकता: कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर घटेगी वाहनों की रफ्तार, 75 किमी प्रति घंटा होगी अधिकतम गति सीमा

25 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी मौसमी व्यवस्था, फॉग लाइट, रिफ्लेक्टिव टेप और जागरूकता अभियान से सुरक्षित होगा सफर

प्राधिकरण ने कंसेशनायर जेपी इंफ्राटेक लि. को गति सीमा में कमी के साथ सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाएं भी तत्काल सुनिश्चित करने को कहा

टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को सावधानियों की जानकारी दी जाएगी

शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में टोल प्लाजा पर वाहनों के सुचारु आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा, 
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों के तहत सर्दियों में कोहरे और धुंध से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। आगामी 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा करने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्दियों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेसवे के कंसेशनायर जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को गति सीमा में कमी के साथ सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाएं भी तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने को कहा है। इसका उद्देश्य कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को सतर्क करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

पढ़ें   आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, उसके दगापन का उपचार किया जाता है, उसको दाग दिया जाता है: सीएम योगी

गति सीमा में कमी के साथ व्यापक जागरूकता अभियान

निर्धारित अवधि में नई गति सीमा से संबंधित सूचना एक्सप्रेसवे पर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके लिए जगह-जगह सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और समाचार पत्रों के माध्यम से भी वाहन चालकों को जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के उपायों से संबंधित पैम्फलेट एक्सप्रेसवे के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, टोल प्लाजा और रोड साइड फैसिलिटी पर वितरित किए जाएंगे।

टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से वाहन चालकों को सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। वहीं, रेडियो एफएम पर भी कोहरे के दौरान सुरक्षित यात्रा के उपायों का प्रसारण कराया जाएगा। बड़े डिस्प्ले बोर्ड के जरिए भी वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे।

रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट से बढ़ेगी दृश्यता

एक्सप्रेसवे पर रात्रिकालीन यात्रा और कोहरे के दौरान दृश्यता बेहतर बनाने के लिए तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया है। प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि कई स्थानों पर लगे रिफ्लेक्टिव टेप की चमक और प्रतिबिंब क्षमता कम हो गई है। इससे सड़क पर पर्याप्त दृश्य संकेत नहीं मिल पाते और दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। इसे देखते हुए खराब रिफ्लेक्टिव टेप तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक्सप्रेसवे के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर फॉग लाइट लगाने को कहा गया है।

वीकेंड और छुट्टियों में टोल व्यवस्था पर विशेष ध्यान

शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। ऐसे में टोल प्लाजा पर वाहनों के सुचारु आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कोहरे के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का भी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। प्राधिकरण ने संबंधित एजेंसी को सभी निर्देशों पर कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *