24 Nov 2026, Tue

खाद खरीदने से पहले कराएं ऑनलाइन बुकिंग, अलवर के किसानों पर 25 नवंबर से लागू होंगे नए नियम

अलवर
खाद की किल्लत, कालाबाजारी और अनियमित बिक्री रोकने के लिए कृषि विभाग ने नई व्यवस्था तैयार की है। अब किसानों को खाद खरीदने के लिए गैस सिलेंडर की तर्ज पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। अलवर जिले में 25 नवंबर से उर्वरक वितरण की नई व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत किसान अपनी फार्मर आईडी के आधार पर ही खाद की बुकिंग और खरीद कर सकेंगे। जिन किसानों के पास फार्मर आईडी नहीं होगी, उन्हें खाद नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था से खाद वितरण पर नजर रखने के साथ ही यह पता लगाना आसान होगा कि किस किसान ने कितनी मात्रा में खाद खरीदा है।

एफएफएस पोर्टल से होगी खाद की बुकिंग
कृषि विभाग की ओर से किसानों को खाद की खरीद में पारदर्शिता देने के लिए उर्वरक बिक्री प्रबंधन प्रणाली (एफएफएस) पोर्टल शुरू किया जा रहा है। इसके जरिए खाद की बिक्री और वितरण का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाएगा। इससे अनुदानित खाद की आपूर्ति और बिक्री पर निगरानी रखी जा सकेगी।

इस व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट पहले प्रदेश के राजसमंद और सिरोही जिलों में चलाया गया था। इन दोनों जिलों में 78 हजार से अधिक किसानों के माध्यम से 12 हजार मीट्रिक टन अनुदानित उर्वरकों का वितरण किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद अब इसे अलवर सहित अन्य क्षेत्रों में लागू किया जा रहा है।

50 विक्रेताओं को तीन दिन में अपडेट करना होगा लाइसेंस
नई व्यवस्था में खाद विक्रेताओं के लिए भी नियम सख्त किए गए हैं। जिले में करीब 50 ऐसे विक्रेता हैं, जिनके लाइसेंस की वैधता आईएफएमएस पोर्टल पर अपडेट नहीं है। कृषि विभाग ने इन्हें तीन दिन में लाइसेंस अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर नई व्यवस्था लागू होने के बाद वे खाद की बिक्री नहीं कर सकेंगे।

पढ़ें   जल जीवन मिशन घोटाला: पूर्व IAS सुबोध अग्रवाल फरार, 21 शहरों में 100+ ठिकानों पर 40 टीमों की रेड

इसके अलावा सभी विक्रेताओं को पीओएस मशीन के माध्यम से अपने वास्तविक खाद स्टॉक का मिलान करना होगा। इससे पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और दुकान में उपलब्ध खाद की मात्रा के बीच अंतर का पता लगाया जा सकेगा।

रबी सीजन में किसानों को मिलेगी राहत
नई व्यवस्था लागू होने से रबी सीजन में किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खाद की बिक्री का रिकॉर्ड ऑनलाइन रहने से कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को खाद के लिए दुकानों पर बार-बार चक्कर लगाने और लंबी कतारों में लगने से राहत मिल सकती है। विभाग का उद्देश्य है कि किसानों को जरूरत के अनुसार खाद मिले और अनुदानित उर्वरक का गलत इस्तेमाल नहीं हो।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *