रायपुर, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को अब दुबई से भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। 13 नवंबर को दुबई में गिरफ्तार किए गए सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार द्वारा भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। उसे अगले एक सप्ताह के भीतर रायपुर लाने की तैयारी है।
आरोपी को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू की विशेष टीम जल्द ही यूएई रवाना होगी। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, इस टीम में जांच एजेंसी के प्रमुख सहित डीएसपी स्तर के तीन अधिकारी शामिल होंगे। विदेश दौरे और डिपोर्टेशन से जुड़े जरूरी कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

1200 करोड़ के सिंडिकेट का संभालता था हिसाब

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल ने एक छोटे ठेकेदार से कथित शराब सिंडिकेट के अहम मैनेजर तक का सफर तय किया। वर्ष 2014-15 में वह नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लेता था। बाद में होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और वह कथित तौर पर करीब 1,200 करोड़ रुपए के सिंडिकेट का अहम हिस्सा बन गया।
आरोप है कि डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली के साथ शराब कारोबार के पार्ट ए, बी और सी से होने वाली कथित अवैध कमाई का पूरा हिसाब सुब्बू रखता था। उसकी पहुंच तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बंगले तक भी बताई गई है।
बोरियों में रखी जाती थी वसूली की रकम
जांच एजेंसियों के अनुसार, कथित वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में भरकर रखी जाती थी। नकदी छिपाने के लिए रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट खरीदे जाने का भी आरोप है।
तीन मई को बिलासपुर में उसके भाई कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर तलाशी के दौरान ईडी को बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिली थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि विकास ने कथित वसूली की रकम में से करीब 1,200 करोड़ रुपए हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए थे।
2022 में परिवार सहित भागा था विदेश
जांच के मुताबिक, विकास अग्रवाल जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश भाग गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी यूएई बुला लिया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। अब दुबई में गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उससे पूछताछ की उम्मीद है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज
एसीबी-ईओडब्ल्यू को उम्मीद है कि सुब्बू को रायपुर लाकर पूछताछ करने से कथित शराब घोटाले में अवैध पैसों के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और अंतिम लाभार्थियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि शराब घोटाला मामले में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित कई नाम सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, केके श्रीवास्तव को छोड़कर अन्य प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।


