26 Nov 2026, Thu

महाठग दीपक टंडन और बरखा टंडन को जेल: 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड, पुलिस ने होटल की जांच के बाद जब्त कीं दो लग्जरी गाड़ियां

रायपुर, 26 नवंबर। ठगी और धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों में घिरे दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की दो गाड़ियां बलेनो कार और XUV 700 भी जब्त की हैं।

जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान दोनों से लगातार पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले से जुड़े कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान दोनों के कब्जे से संबंधित बलेनो और XUV 700 गाड़ियां जब्त की गईं।

पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस की ओर से रिमांड बढ़ाने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया। इसके बाद अदालत ने दोनों को 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों से पैसे वसूलने के लिए दबाव बनाया जाता था।

पढ़ें   जांजगीर-चांपा: नवागढ़ में यात्रियों से भरी बस और ट्रक की जबरदस्त टक्कर, दर्जनभर घायल, ट्रक पलटा, ड्राइवर मौके से फरार

इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।

होटल ‘वेलकम श्री’ में पुलिस ने की थी जांच

रिमांड मिलने के बाद रविवार रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर उसके होटल ‘वेलकम श्री’ पहुंची थी। यहां सामने आए नए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल के विभिन्न कमरों और अंदर संचालित स्पा सेंटर की जांच की।

इस दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।

स्पा सेंटर का वीडियो भी आया सामने

दीपक टंडन के होटल में संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इसी होटल में वह कई लोगों को ठहराता था। आरोप है कि यहां लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाई जाती थीं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जमीन और गाड़ियों से जुड़े दस्तावेज बरामद

जांच कार्रवाई को लेकर एसीपी रमाकांत साहू ने बताया था कि होटल वेलकम श्री की पूरी तलाशी ली गई है। इस दौरान जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज, डायरी और गाड़ियों के कागजात बरामद हुए हैं। पुलिस सभी दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *