26 Nov 2026, Thu

सांदीपनि विद्यालय के छात्र सौरभ का शानदार प्रदर्शन, अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन से बढ़ाया मान

गांव की गलियों से राज्य स्तरीय क्रिकेट तक पहुंचा सौरभ, अंडर-14 टीम में बनाई जगह

6-7 वर्ष की उम्र से शुरू किया क्रिकेट खेलना, मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी उपलब्धि
सांदीपनि विद्यालय के साथ गांव का भी बढ़ाया मान

भोपाल

गांव की गलियों और छोटे मैदानों में क्रिकेट खेलते हुए जिस बच्चे ने कभी बड़े खिलाड़ियों की तरह खेलने का सपना देखा था, आज उसकी मेहनत उसे राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता तक ले पहुंची है। यह कहानी है शासकीय सांदीपनि विद्यालय जयसिंहनगर में कक्षा सातवीं के छात्र सौरभ सिंह की, जिनका चयन शालेय राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सौरभ की इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय, बल्कि उनके गांव और पूरे जयसिंहनगर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

ग्राम कुबरा निवासी सौरभ सिंह, पिता दिग्पाल सिंह ने महज 6-7 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट के प्रति विशेष लगाव रहा। धीरे-धीरे खेल के प्रति उनकी रुचि जुनून में बदलती गई। उम्र छोटी थी, संसाधन सीमित थे, लेकिन क्रिकेट खेलने और आगे बढ़ने का उत्साह कभी कम नहीं हुआ। खेल के प्रति इसी लगन, नियमित अभ्यास और मेहनत ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

एक ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना सौरभ के लिए केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके सपनों की दिशा में बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या विशेष सुविधा की मोहताज नहीं होती। यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो और मेहनत करने का संकल्प हो तो गांव से निकलकर भी बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है।

पढ़ें   रेलवे की खानपान व्यवस्था पर उठे सवाल, ट्रेनों में खराब खाने-पानी को लेकर यात्री नाराज

सौरभ की इस उपलब्धि पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, उपायुक्त जनजातीय कार्य जे.पी. यादव एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य आनंद राय सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार तिवारी एवं मेंटर शिब्बू यादव ने भी सौरभ की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौरभ की उपलब्धि उसकी निरंतर मेहनत, खेल के प्रति समर्पण और आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति का परिणाम है। विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना विकसित करते हैं।

सौरभ के चयन की खबर से उनके परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी का माहौल है। जिस गांव में उन्होंने बचपन से क्रिकेट खेलना शुरू किया, उसी गांव का नाम अब राज्य स्तर पर पहचान बनाने जा रहा है। सौरभ की यह उपलब्धि गांव के दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणा है कि वे अपने सपनों को छोटा न समझें और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहें। अब सभी को उम्मीद है कि सौरभ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *