26 Nov 2026, Thu

वेस्ट माइनिंग विवाद में NMDC की बड़ी कार्रवाई: किरंदुल के GM सुधांशु वर्मा निलंबित, आदेश में नहीं बताया गया कार्रवाई का कारण

जगदलपुर, 26 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में वेस्ट माइनिंग और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर जारी विवाद के बीच NMDC प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। किरंदुल परियोजना में पदस्थ जनरल मैनेजर (एचआर) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। NMDC के हैदराबाद स्थित निदेशालय ने 24 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। हालांकि, निलंबन के पीछे की वास्तविक वजह का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।

ग्रामीणों के विरोध के बीच हुई कार्रवाई

दरअसल, किरंदुल में वेस्ट माइनिंग से जुड़े मामलों को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। खनन गतिविधियों के कारण प्रभावित गांवों, जंगलों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। मामला राजनीतिक स्तर पर भी पहुंच चुका है। इसी क्रम में कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने किरंदुल पहुंचकर वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। जांच दल ने मौके की स्थिति देखने के बाद NMDC की कार्यप्रणाली और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर सवाल उठाए थे।

इस दौरान वन विभाग की अधिकारी स्टायलो मंडावी के बयान और स्थानीय स्तर पर सामने आए तथ्यों के बाद मामला और चर्चा में आ गया।

NMDC ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का दिया हवाला

NMDC लिमिटेड के निदेशालय से 24 नवंबर की देर शाम जारी आदेश में सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की जानकारी दी गई है। आदेश में NMDC Employees Conduct, Discipline and Appeal Rules, 1978 के नियम 20 का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने की बात कही गई है।

पढ़ें   रायपुर प्रेस क्लब चुनाव 2026: भारी मतदान में 784 में से 647 पत्रकारों ने डाले वोट, आज रात 8 बजे मिलेगा नया अध्यक्ष

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय BIOM किरंदुल कॉम्प्लेक्स निर्धारित किया गया है। साथ ही कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

कांग्रेस जांच दल को निरीक्षण की अनुमति देने की चर्चा

इस निलंबन को लेकर एक चर्चा यह भी है कि हाल ही में किरंदुल पहुंचे कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल को वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने की अनुमति देने में सुधांशु वर्मा की भूमिका थी। इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, NMDC प्रबंधन ने इस चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। निलंबन आदेश में भी कार्रवाई के वास्तविक कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।

ग्रामीणों और पर्यावरणीय नुकसान की जांच पर सवाल

वेस्ट माइनिंग विवाद के बीच NMDC के वरिष्ठ अधिकारी का निलंबन अब कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई केवल एक अधिकारी तक सीमित रहेगी या फिर प्रभावित ग्रामीणों, जंगलों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भी निष्पक्ष जांच होगी?

फिलहाल पूरे मामले में NMDC प्रबंधन की आधिकारिक सफाई और निलंबन के स्पष्ट कारणों का इंतजार है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *