26 Nov 2026, Thu

मध्यप्रदेश की खनिज अन्वेषण पहल को मिला उत्साहजनक फीडबैक

प्री-बिड बैठक में 40 कंपनियों ने लिया भाग

भोपाल
मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड द्वारा खनिज अन्वेषण को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत 26 नवंबर को मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली में प्री-बिड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में टेक्निकल एक्सपर्ट कंसल्टेंट के चयन के लिये जारी आरईपी के संबंध में देश की विभिन्न कंपनियों एवं तकनीकी संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में कुल 40 कंपनियों की सहभागिता रही, जो मध्यप्रदेश में खनिज अन्वेषण की संभावनाओं तथा राज्य सरकार की इस पहल के प्रति उद्योग जगत की व्यापक रुचि और विश्वास को दर्शाती है।

मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद द्वारा हाल ही में अन्वेषण नीति को मंजूरी प्रदान की गई है। इस नीति का उद्देश्य राज्य में खनिज अन्वेषण गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, उपलब्ध भू-वैज्ञानिक एवं खनिज अन्वेषण संबंधी आंकड़ों का वैज्ञानिक विश्लेषण करना तथा नए खनिज संभावित क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें अन्वेषण एवं आगामी नीलामी के लिए तैयार करना है।

इस प्री-बिड बैठक का आयोजन विशेष रूप से नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में किया गया, जिससे देशभर की विशेषज्ञ कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। 40 कंपनियों की उत्साहजनक उपस्थिति इस प्रयास की सफलता तथा मध्यप्रदेश के खनिज क्षेत्र में निवेश एवं तकनीकी सहयोग की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित करती है।

यह पहल प्रदेश में खनिज संसाधनों की खोज, वैज्ञानिक अन्वेषण तथा खनिज ब्लॉकों को नीलामी के लिये तैयार करने की प्रक्रिया को गति प्रदान करेगी। इससे मध्यप्रदेश के खनिज क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन के साथ राज्य के खनिज राजस्व में वृद्धि की संभावनाएं भी सुदृढ़ होंगी। बैठक में प्रमुख सचिव खनिज श्री विवेक पोरवाल, संचालक श्री फ्रेंक नोबल ए. और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

पढ़ें   इंदौर में बच्चों की सुरक्षा के लिए नई पहल, ऑनलाइन ट्रैक होंगी स्कूल बसें

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *