27 Nov 2026, Fri

बूंदी महोत्सव में सर्वधर्म समभाव की झलक, लोक कलाकारों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

बूंदी
ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचान रखने वाली छोटी काशी बूंदी शुक्रवार को लोक संस्कृति के रंगों में रंगी नजर आई. गढ़ गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ तीन दिवसीय सतरंगी बूंदी महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. शाही लवाजमे, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की गूंज और देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने शहरवासियों और पर्यटकों का मन मोह लिया. महोत्सव के पहले दिन बूंदी की ऐतिहासिक विरासत के साथ देश की विविध लोक परंपराओं का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसमें कला, संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम के रंग एक साथ नजर आए.

गढ़ गणेश पर विधिवत पूजा-अर्चना से हुई शुरुआत : महोत्सव की शुरुआत सुबह 9:30 बजे गढ़ पैलेस स्थित गढ़ गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. बूंदी राजपरिवार के पूर्व सदस्य वंशवर्धन सिंह, सभापति भरत शर्मा और अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह सहित अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर महोत्सव की सफलता की कामना की. इसके बाद ध्वजारोहण कर तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर वंशवर्धन सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हो गया है. तीन दिन तक बूंदी सहित उपखंड स्तर पर भी आयोजन होंगे. उन्होंने बताया कि महोत्सव में देश भर के कलाकार पहुंचे हैं. यह आयोजन बूंदी के पर्यटन के लिए मिल का पत्थर साबित हो रहा है. अयोजन को देखने देश विदेश के सैकड़ों पर्यटक बूंदी में मौजूद हैं.

लोक नृत्यों ने शोभायात्रा में घोले संस्कृति के रंग : महोत्सव का प्रमुख आकर्षण नवल सागर से पुलिस परेड ग्राउंड तक निकली भव्य शोभायात्रा रही. शाही लवाजमे के साथ निकली इस यात्रा में राजस्थान सहित हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को आकर्षित किया. कलाकारों के कदमों की थाप, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और लोकगीतों की स्वर लहरियों ने हाड़ौती की धरती पर देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया. सजे-धजे ऊंट-घोड़े, पारंपरिक वेशभूषा में विभिन्न समाजों के लोग और लोक कलाकार शोभायात्रा की शोभा बढ़ाते नजर आए. विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया. शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शोभायात्रा का सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया.

पढ़ें   जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख की बारी, क्या फिर बदलेगा सियासी गणित?

शोभायात्रा में दिखे सभी धर्मों के धर्मगुरु : शोभायात्रा में बूंदी की सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली. विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं और समाजबंधुओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में भागीदारी निभाई. राष्ट्रीय संत, शहर काजी, सिख समुदाय और बोहरा समाज के धर्मगुरुओं की एक साथ मौजूदगी ने सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह, पूर्व राजपरिवार के वंशवर्धन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे.

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *