27 Nov 2026, Fri

सोलर पैनल सस्ते में देने का झांसा देकर कारोबारी से 34 लाख ठगे: मुंबई की फर्जी कंपनी के नाम पर किया ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, आरोपी गिरफ्तार

 

रायपुर, 27 नवंबर। सोलर पैनल की बाजार से कम कीमत पर सप्लाई और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर भिलाई के एक कारोबारी से 34 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने एक आरोपी विवेक मिश्रा (27 वर्ष) को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता नवीन कुमार ने 5 सितंबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जून को उनके पास स्नेहा नाम की महिला और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल का फोन आया था। दोनों ने खुद को मुंबई की कंपनी सनरूट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताया।

आरोपियों ने कारोबारी को बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और उनके ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया। साथ ही कारोबार में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने कंपनी के बैंक खाते में रकम जमा कराने के लिए कहा।

उनकी बातों में आकर कारोबारी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की नंदिनी रोड भिलाई शाखा और कोटक महिंद्रा बैंक सुपेला खाते से IMPS और RTGS के जरिए कुल 34 लाख रुपये मुंबई स्थित AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

लेकिन तय समय पर न तो सोलर पैनल की सप्लाई हुई और न ही ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन की व्यवस्था की गई। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। मामले में सुपेला थाना के स्मृतिनगर चौकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पढ़ें   गुजरात के नन्द घरों में पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े: बच्चों के पोषण और शिक्षा की व्यवस्थाएं देखीं, महिला एवं बाल विकास मंत्री से भी की मुलाकात

जांच के दौरान पुलिस ने साइबर सेल और संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई। शिकायतकर्ता के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आयुष उपाध्याय और विवेक मिश्रा की पहचान आरोपी के रूप में की।

जांच में पता चला कि दोनों आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाने में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार होने के बाद मुंबई सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद थे। उस मामले में भी BNS की धारा 316(2), 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज है।

इसके बाद स्मृतिनगर पुलिस ने मुंबई पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय किया। दुर्ग के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी विवेक मिश्रा को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की पूछताछ और जांच के लिए आरोपी का रिमांड प्राप्त किया है।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को सोलर एनर्जी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर कारोबारी को अपने जाल में फंसाया। कारोबार बढ़ाने की इच्छा का फायदा उठाते हुए बाजार से बेहद कम कीमत पर सोलर पैनल और इंस्टॉलेशन की सुविधा देने का लालच दिया। इसके बाद ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से कंपनी के खाते में 34 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक चौहान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र कुशवाहा और आरक्षक राजकुमार चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने कारोबारियों को किया सतर्क

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन कारोबारी लेन-देन से पहले कंपनी का रजिस्ट्रेशन, कार्यालय का पता और बैंक खाते की प्रमाणिकता जरूर जांच लें। बाजार से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान देने वाले ऑफर से सावधान रहें। ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *