28 Nov 2026, Sat

पहाड़ी रास्तों की मुश्किलें होंगी दूर, मोहारी-सतई घाट मार्ग से भोपाल-कानपुर की दूरी होगी कम

 भोपाल

पहाड़ों के बीच से गुजरती सड़क. कहीं तीखे मोड़, कहीं अचानक आने वाला S-बेंड और कहीं ऐसा रास्ता, जहां सामने से आ रहा वाहन भी ठीक से दिखाई नहीं देता. बुंदेलखंड के इस पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी चलाना कई बार किसी इम्तिहान से कम नहीं था. मोहारी से सतई घाट के बीच का करीब 39.5 किलोमीटर का रास्ता पार करने में पहले डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते थे. अब इस सफर की तस्वीर बदलने वाली है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI ने इस हिस्से को दो लेन से चार लेन में तैयार किया है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 710 करोड़ का खर्चा हुआ है। 

अब कहा जा रहा है कि जिस दूरी को तय करने में पहले दो घंटे तक लग जाते थे, उसे करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इस प्रोजेक्ट की खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि सड़क दो लेन से चार लेन की हो गई. पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी चलाने में सबसे बड़ी परेशानी तीखे मोड़ और कम दिखाई देने वाला रास्ता होते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क का अलाइनमेंट सुधारा गया. जहां जरूरत पड़ी, वहां पहाड़ों की कटिंग की गई और घाटी वाले हिस्सों में भराव किया गया।

इससे सड़क को ज्यादा चौड़ा और बेहतर बनाया जा सका है. रास्ते की विजिबिलिटी बढ़ने से वाहन चालकों को सामने आने वाले मोड़ों और दूसरे वाहनों को देखने में भी आसानी होगी. यानी अब इस रास्ते पर सफर पहले के मुकाबले तेज होने के साथ ज्यादा सुविधाजनक भी हो सकेगा.

सड़क के साथ ये सुविधाएं भी बनीं
प्रोजेक्ट के तहत सिर्फ मुख्य सड़क ही नहीं बनाई गई, बल्कि आसपास के यातायात और यात्रियों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है. इसमें 26 किलोमीटर की सर्विस और स्लिप रोड, 17 किलोमीटर सड़क का विकास और हिरापुर बायपास शामिल है. इसके अलावा यात्रियों के लिए 19 बस शेल्टर और ट्रक चालकों के लिए एक ट्रक ले-बाय बनाया गया है. सड़क पर 22 जंक्शन भी तैयार किए गए हैं.

पढ़ें   रेलवे होटल टेंडर और जमीन सौदे का मामला, लालू परिवार के खिलाफ आरोप बरकरार

पुल-पुलियों की बात करें तो इस प्रोजेक्ट में 61 पुलियाएं, 10 छोटे पुल और 3 बड़े पुल बनाए गए हैं. अलग-अलग तरह के वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 8 व्हीकुलर अंडरपास, 5 लाइट व्हीकल अंडरपास और एक ओवरपास भी तैयार किया गया है.

भोपाल से कानपुर का सफर भी होगा छोटा
मोहारी-सतई घाट का यह हिस्सा भोपाल-कानपुर कॉरिडोर का महत्वपूर्ण भाग है. इस कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे विकास का असर लंबी दूरी के यात्रियों पर भी पड़ने वाला है. अनुमान के मुताबिक, सागर से खजुराहो पहुंचने में पहले 4 से साढ़े 4 घंटे लगते थे. अब यह सफर करीब 2 से ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा. सागर से छतरपुर जाने में भी समय घटेगा. पहले जहां साढ़े 3 से 4 घंटे लगते थे, वहीं अब करीब डेढ़ से 2 घंटे लगने का अनुमान है.
भोपाल से कानपुर जाने वालों के लिए भी राहत की बात है. इस यात्रा में पहले 12 से 13 घंटे लगते थे, जो कॉरिडोर के तैयार होने के बाद करीब 7 से 8 घंटे रह जाने का अनुमान है. इसी तरह इंदौर से कानपुर का सफर भी 16 से 18 घंटे के बजाय करीब 10 से 11 घंटे में पूरा हो सकेगा.

पहाड़ों और जंगलों में जानवरों के लिए भी रास्ता
यह सड़क पहाड़ी और वन क्षेत्र से होकर गुजरती है. ऐसे में सड़क चौड़ी करने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है. प्रोजेक्ट में 7 एनिमल अंडरपास बनाए गए हैं. इनका मकसद यह है कि जंगली जानवर सड़क पर वाहनों के बीच आने के बजाय सेफ रास्ते से एक तरफ से दूसरी तरफ जा सकें.

पढ़ें   भारत से बांग्लादेश लौटेंगी पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, 16 दिसंबर को वापसी की खबर से हलचल

पहाड़ी ढलानों को मजबूत करने के लिए भी कई उपाय किए गए हैं. मिट्टी और पत्थरों को खिसकने से रोकने के लिए गैबियन वॉल बनाई गई हैं. जियोग्रिड और पानी की निकासी की अच्छी व्यवस्था की गई है. इससे बारिश के दौरान मिट्टी के कटाव और भूस्खलन की आशंका कम करने में मदद मिलेगी.

बुंदेलखंड के कारोबार और टूरिज्म को भी फायदा

इस सड़क का असर सिर्फ गाड़ी से आने-जाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा. मोहारी-सतई घाट का रास्ता सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग का अहम हिस्सा है. इसके बेहतर होने से मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का उत्तर प्रदेश के महोबा, बांदा और कानपुर जैसे शहरों से संपर्क आसान होगा.

किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. मालवाहक वाहनों का समय बचेगा और कारोबार को गति मिल सकती है. स्थानीय लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच भी आसान होगी. टूरिज्म के लिहाज से भी यह सड़क महत्वपूर्ण है. खजुराहो के मंदिर, पन्ना टाइगर रिजर्व, ओरछा के ऐतिहासिक स्थल और छतरपुर का भीमकुंड जैसे स्थलों तक जाना पहले से आसान होगा.

इसका फायदा होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को मिलेगा. मोहारी-सतई घाट का फोरलेन विकास बुंदेलखंड के लिए सिर्फ एक सड़क प्रोजेक्ट नहीं है. इससे पहाड़ी रास्ते पर लगने वाला समय घटेगा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत होगा और भोपाल-कानपुर कॉरिडोर पर सफर पहले से आसान हो सकेगा.

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *