28 Nov 2026, Sat

मुरैना के 108 मैरिज गार्डन पर कार्रवाई की तैयारी, नगर निगम लगातार भेज रहा नोटिस

मुरैना में 108 मैरिज गार्डन अवैध, तीन महीने से नोटिस जारी कर रहा नगर निगम

शहर के 120 में से सिर्फ 12 मैरिज गार्डन के पास भवन अनुमति, पार्किंग और फायर सेफ्टी के इंतजाम; बिना जरूरी सुविधाओं के हो रहे शादी समारोह

मुरैना
 शहर में शादी समारोहों के लिए संचालित हो रहे मैरिज गार्डनों की स्थिति चिंताजनक है। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में कुल 120 मैरिज गार्डन संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनमें से केवल 12 के पास ही भवन निर्माण की विधिवत अनुमति, पार्किंग और फायर सेफ्टी के जरूरी इंतजाम हैं। वहीं 108 मैरिज गार्डन ऐसे हैं, जो निर्धारित नियमों और शर्तों को पूरा किए बिना संचालित हो रहे हैं। नगर निगम ने ऐसे मैरिज गार्डनों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं, लेकिन पिछले तीन महीने से कार्रवाई नोटिसों तक ही सीमित है। अब तक सीलिंग की कार्रवाई नहीं होने से इन गार्डनों में शादी समारोह लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

शहर के कई मैरिज गार्डनों में भवन निर्माण की अनुमति नहीं है, तो कहीं आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। कई गार्डनों में पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में शादी समारोहों में आने वाले मेहमान अपने वाहन सड़कों पर खड़े करते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन जाती है। इसका खामियाजा स्थानीय रहवासियों को भुगतना पड़ता है।

तीन महीने से नोटिस, कार्रवाई का इंतजार

नगर निगम ने नियमों का पालन नहीं करने वाले मैरिज गार्डनों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। तीन महीने बीतने के बाद भी मैरिज गार्डनों को सील करने की कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब निगम को इनकी अनियमितताओं की जानकारी है, तो फिर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है? क्या निगम की जिम्मेदारी सिर्फ नोटिस जारी करने तक सीमित रह गई है?

पढ़ें   Metro Project: ब्लू लाइन के रास्ते में आए 340 निर्माण, घर-दुकानों पर मंडराया विस्थापन का संकट

सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल

मैरिज गार्डनों में बड़ी संख्या में लोग शादी समारोहों में शामिल होते हैं। ऐसे में फायर सेफ्टी उपकरणों और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि किसी समारोह के दौरान आगजनी या अन्य हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? अब निगाहें नगर निगम की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

– इनका कहना है 

कार्यपालन यंत्री नीरू राजपूत का कहना है कि, शहर में 120 मैरिज गार्डन संचालित होते हैं जिसमें से सिर्फ 12 मैरिज गार्डन की परमिशन है अन्य के लिए नोटिस जारी कर दिया है फिर भी अगर कोई शादी समारोह करता हुआ पाया जाएगा तो उसकी सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *