28 Nov 2026, Sat

शीतलहर से बचाव को योगी सरकार अलर्ट, रैन बसेरों में बढ़ाई जा रहीं सुविधाएं

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों और निराश्रित लोगों को सुरक्षित आश्रय एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को शहर के विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लक्ष्मण मेला मैदान रैन बसेरे में बढ़ाई गई ठहरने की क्षमता

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में किए गए सुधार कार्यों का जायजा लिया। यहां दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है, जिससे अधिक लोगों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने शेष कार्यों को आगामी तीन दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए।

जियामऊ रैन बसेरे में सुविधाओं के विस्तार पर जोर

इसी तरह जियामऊ स्थित रैन बसेरे के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंटिंग, शीशा लगाने सहित अन्य शेष कार्यों को एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा।

एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की व्यवस्था

जोन-4 स्थित एल्डिको रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने वहां चल रहे पुताई एवं अन्य कार्यों की प्रगति देखी। जी प्लस थ्री भवन वाले इस रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की क्षमता है। उन्होंने सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए।

पढ़ें   प्रयागराज महाकुंभ 2025: आज त्रिवेणी संगम में स्नान करेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ पवेलियन का करेंगे दौरा, श्रद्धालुओं से करेंगे संवाद

एनिमल केयर हॉस्पिटल और अमृत तालाब का भी किया निरीक्षण

नगर आयुक्त ने जोन-4 में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एनिमल केयर हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। मुख्य भवन का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है और ब्रिकवर्क जारी है। परिसर में पशुओं के लिए कैनोपी, पार्क एवं बड़े पशुओं के लिए शेड सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। उन्होंने परियोजना को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जोन-4 स्थित अमृत योजना के अंतर्गत विकसित चिनहट तालाब का निरीक्षण किया। शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय अवर अभियंता उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *