29 Nov 2026, Sun

गोविंदपुरा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाने के लिए संकल्पित : राज्यमंत्री गौर

गोविंदपुरा विधानसभा में ₹1.78 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमि-पूजन

भोपाल
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  कृष्णा गौर ने कहा है कि जनता का अटूट विश्वास और निरंतर सहयोग ही क्षेत्र में विकास की गति को ऊर्जा प्रदान करता है। जनप्रतिनिधियों का मुख्य ध्येय नागरिकों की आकांक्षाओं पर पूर्णतः खरा उतरना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोविंदपुरा विधानसभा को राज्य की एक आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर भोपाल के वार्ड 65 सहित विभिन्न क्षेत्रों में 1.78 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के बुनियादी ढांचे, पार्क सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रही थीं।

अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्य
क्षेत्रीय अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में छत्रसाल नगर फेस-3 में अमृतेश्वर महादेव मंदिर से पीस वैली मार्ग तक 39 लाख रुपये की अनुमानित लागत से सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण, आरसीसी नाली एवं पार्क सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि-पूजन हुआ। इसके अतिरिक्त गायत्री नगर में मंदिर परिसर के समीप सीसी सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) एवं नाले की रिटेनिंग वॉल निर्माण के लिए 18 लाख रुपये तथा औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया) में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली आरसीसी नाली एवं शेड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

सांस्कृतिक मंच, क्रीड़ांगन एवं नागरिक सुविधा संवर्धन
जनसुविधाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए अपूर्व एंक्लेव में 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक मंच एवं पेविंग ब्लॉक कार्य का लोकार्पण किया गया। भवानी धाम मंदिर परिसर में कोटा स्टोन तथा सीसी सड़क निर्माण एवं अर्चना होम्स में मंदिर परिसर के पीछे क्रीड़ांगन उपकरणों (प्लेग्राउंड इक्विपमेंट) की स्थापना के लिए 23 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया।

पढ़ें   CM हेल्पलाइन का दुरुपयोग पड़ेगा भारी, झूठी शिकायत करने वाले होंगे ब्लैकलिस्ट; सरकार ने कसा शिकंजा

ड्रेनेज व्यवस्था एवं हरित स्थलों का कायाकल्प
क्षेत्रीय जल निकासी एवं पर्यावरणीय संतुलन को दृष्टिगत रखते हुए छत्रसाल नगर से पिंक सिटी तक लगभग 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वृहद नाला निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। साथ ही भवानी टाउन में पार्क सौंदर्यीकरण एवं छत्रपति नगर में आरसीसी नाली निर्माण के लिए 23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। मिनाल स्थित जुपिटर पार्क में 8 लाख रुपये की लागत से सौंदर्य संवर्धन, चाणक्यपुरी पार्क में सामुदायिक भवन मंच एवं ओपन जिम उपकरण तथा योजना विहार परिसर में 15 लाख रुपये के पेविंग ब्लॉक कार्यों का भूमि-पूजन किया गया।

पेयजल समाधान एवं अवसंरचना गुणवत्ता पर बल
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने आश्वस्त किया कि मार्ग सुधार एवं जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण से आम नागरिकों को आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाने तथा स्थानीय पेयजल समस्याओं का स्थायी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *