9 Mar 2026, Mon
Breaking

कुछ लोग देश में कुछ भी अच्छा होता हुआ नहीं देखना चाहते…’ राजस्थान में बोले पीएम मोदी

प्रमोद मिश्रा, 10 मई 2023

PM Modi in Rajasthan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने 5500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. पीएम मोदी आज सबसे पहले उदयापुर एयरपोर्ट पर पहुंचे. वहां से राजसमंद के नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने रोड शो किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की. इसके बाद पीएम मोदी कार्यक्रम में पहुंचे, जहां सीएम अशोक गहलोत सहित कई मंत्री व सांसद मौजूद रहे.

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीनाथ जी और मेवाड़ की इस वीर धरा पर मुझे एक बार फिर आने का अवसर मिला है. यहां आने से पहले मुझे भगवान श्रीनाथ जी के दर्शन का सौभाग्य मिला, मैंने श्रीनाथ जी से आजादी के इस अमृतकाल में विकसित भारत की सिद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा है. पीएम मोदी ने कहा कि अगर पहले पर्याप्त मेडिकल कॉलेज बन जाते तो हमें डॉक्टरों की कमी का सामना नहीं करना पड़ता, हर घर को पानी मिलता तो हमें 3.5 लाख करोड़ रुपये का जल जीवन मिशन शुरू नहीं करना पड़ता.

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग इतनी नकारात्मकता से भरे होते हैं कि उन्हें देश में कुछ भी अच्छा होता दिखाई नहीं देता. उन्हें केवल विवाद पैदा करना पसंद है. आपने कुछ लोगों को ‘कि आटा पहले या डाटा पहले’ कहते सुना होगा, लेकिन इतिहास गवाह है कि तेज गति से विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी जरूरी है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार सेवा भाव को ही भक्ति भाव मानकर दिन-रात काम कर रही है. जनता-जनार्दन के जीवन को आसान बनाना हमारी सरकार के सुशासन की प्राथमिकता है. हर नागरिक के जीवन में सुख, सुविधा और सुरक्षा का कैसे विस्तार हो, इसके लिए निरंतर काम चल रहा है.

पढ़ें   केंद्र ने नीति आयोग का किया पुनर्गठन, बीजेपी समेत सहयोगी दलों के नेताओं को भी मिली जगह

पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्ररक्षा के लिए राणा प्रताप के शौर्य, भामाशाह के समर्पण और वीर पन्नाधाय के त्याग की गाथाएं. इस मिट्टी के कण-कण में रची-बसी हैं. अपनी विरासत की इस पूंजी को हमें अधिक से अधिक देश-दुनिया तक ले जाना आवश्यक है. इसलिए आज भारत सरकार अपनी धरोहरों के विकास के लिए अलग-अलग सर्किट पर काम कर रही है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार आज गांवों तक सड़क पहुंचाने के साथ ही, शहरों को भी आधुनिक हाईवे से जोड़ने में जुटी है. 2014 से पहले देश में जिस गति से नेशनल हाईवे का निर्माण हो रहा था, अब उससे दोगुनी तेजी से काम किया जा रहा है.

पीएम मोदी ने कहा कि नकारात्मकता से भरे हुए लोगों में न दूरदृष्टि होती है और न ही वे राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर देख पाते हैं. दूरदृष्टि के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर न बनाने का नुकसान राजस्थान ने भी खूब उठाया है. इस मरुभूमि में कनेक्टिविटी के अभाव में आना-जाना कितना मुश्किल होता था. ये आप भलिभांति जानते हैं. इस कारण यहां खेती किसानी, व्यापार, कारोबार सब कुछ मुश्किल था.

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में सीएम गहलोत को मेरे मित्र अशोक गहलोत कहकर संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान भारत देश का सबसे बड़ा राज्य है. राजस्थान के विकास से देश का भी विकास होगा. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को भी गति देता है. हम आने वाले 25 साल में विकसित भारत के संकल्प की जब बात करते हैं तो उसके मूल में यही इंफ्रास्ट्रक्चर एक नई ताकत बनकर उभर रहा है. आज देश में हर तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर हने हैं. अभूतपूर्व निवेश हो रहा है, अभूतपूर्व गति से काम हो रहा है.

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएम अशोक गहलोत ने कहा ‘मैं पीएम मोदी का स्वागत करता हूं. मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री आज राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे परियोजनाओं को समर्पित करेंगे. राजस्थान में अच्छे काम हुए हैं, राजस्थान में सड़कें अच्छी हैं. पहले हम गुजरात से मुकाबला करते थे और महसूस करते थे कि हम पिछड़ रहे हैं. लेकिन अब हम आगे बढ़ गए हैं.’

इसके अलावा उन्होंने कहा कि करौली में रेलवे का काम अटका हुआ है. रतलाम-डूंगरपुर बांसवाड़ा रेल लाइंस बननी चाहिए. यह मैंने पिछली बार मानगढ़ धाम में आपके दौरे के वक्त भी मांग रखी थी. नसीराबाद में भी काम नहीं हो पा रहा है. भीलवाड़ा में मेमो कोच फैक्ट्री का काम भी रुका हुआ है. बाकी मैं आपको लिखकर दे दूंगा. 50 स्टेट हाईवे को आपने नेशनल हाईवे में कन्वर्ट करने की घोषणा कर रखी है. मैं मांग रखता हूं कि आज आप आए हुए हैं तो इसकी घोषणा करें.’ थोड़ी ही देर में पीएम मोदी 5500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.

पढ़ें   UPSC का बड़ा एक्शन : पूजा खेडकर की IAS की नौकरी खत्म, भविष्य में नहीं दे पाएंगी कोई परीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे. वहां पीएम मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. पीएम मोदी जब श्रीनाथजी मंदिर पहुंच रहे थे तब उस वक्त रास्ते में लोग उनकी गाड़ी पर फूल बरसा रहे थे. नाथद्वार के रास्तों में बड़ी संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया. पीएम मोदी मंदिर में हाथ जोड़कर भगवान के दर्शन करते नजर आए. पीएम मोदी ने मंदिर के अंदर बैठकर पुजारी से बातचीत भी की. श्रीनाथजी मंदिर में पीएम मोदी को सम्मानित किया गया है. बता दें कि प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी पहली बार श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे हैं. मंदिर के बाहर आम लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई थी.

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed