25 Apr 2025, Fri 6:42:18 AM
Breaking

केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर मरकाम बोले- नड्डा जी हिमाचल नहीं बचा पाए, छत्तीसगढ़ क्या जीतेंगे

प्रमोद मिश्रा, रायपुर, 23 जून 2023

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्रीय मंत्रियों के दौरों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। मरकाम ने कहा कि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी अपना हिमाचल प्रदेश नहीं बचा पाए। वो छत्तीसगढ़ आकर क्या बचाएंगे। केंद्रीय मंत्रियों के छत्तीसगढ़ दौरे से कुछ फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के पदाधिकारियों की लिस्ट रद्द करने पर कहा कि उनके पत्र की समीक्षा कर रहे हैं। पीसीसी चीफ शुक्रवार को राजनांदगांव के दौरे पर पहुंचे थे।

केंद्रीय मंत्रियों के छत्तीसगढ़ आने से फर्क नहीं पड़ेगा
शहर के गांधी सभागृह में आयोजित कांग्रेस के बूथ प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम में शामिल होने आए पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा कि, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे साहब कर्नाटका से आते हैं। कर्नाटका को एकतरफा हमने जीत दिलाई। भारतीय जनता पार्टी, पूरी केंद्र सरकार और उनके देश भर के मुख्यमंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों ने ताकत लगा दी, लेकिन वहां कुछ नहीं कर पाए। अमित शाह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के छत्तीसगढ़ आने से भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

 

आदिवासियों के लिए काम किया, तभी जीते
मोहन मरकाम ने कहा कि, प्रदेश में हमारी सरकार आने के बाद लगातार छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के विकास के लिए हम काम कर रहे हैं। योजनाएं बना रहे हैं। हमारी सरकार में जो मुद्दे थे, आदिवासी समाज के पेशा कानून, पंचायती राज और कई विषय में हमारी सरकार ने काम किया है। इसी के चलते हमने 29 आरक्षित सीटों में से 27 जीती है। तीन सामान्य सीटों से जीते 30 हमारे आदिवासी विधायक हैं। भारतीय जनता पार्टी 15 साल सरकार में रहने के बाद दो आदिवासी सीट पर सिमट कर रह गई है।

पढ़ें   धरने पर पाबंदी : BJP प्रदेश अध्यक्ष ने बोला CM भूपेश पर हमला, विष्णुदेव साय बोले : "अंग्रेजो के रौलट एक्ट जैसा भूपेश एक्ट वापिस लिया जाए नहीं तो पाटन में धरना देगी भाजपा"

संगठन की मजबूती के लिए किया फेरबदल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नियुक्ति आदेश निरस्त करने को लेकर कहा कि, प्रदेश कांग्रेस कमेटी समय-समय पर पदाधिकारियों के प्रभार बदलती रहती है। जिसकी कहां आवश्यकता होगी हम देखते हैं। आने वाले दिनों में चुनाव है। चुनाव को दृष्टि रखते किसकी, कहां उपयोगिता है संगठन को और मजबूती प्रदान कर सकता है उसके लिए हमने परिवर्तन किया है। शैलजा जी का पत्र आया है, उसमें हम लोग समीक्षा कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी सैलजा ने मरकाम की ओर से जारी महामंत्रियों की नियुक्ति आदेश को रद्द कर दिया है।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

You Missed