10 Mar 2026, Tue
Breaking

बस्तर से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है, उसकी जमानत जब्त करानी है – मुख्यमंत्री साय

प्रमोद मिश्रा

जगदलपुर, 28 मार्च 24|छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री पर देवों के देव महादेव के नाम पर सट्टा एप चलवाने वालों से 508 करोड़ रूपये का प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा है. ऐसे लोगों और उसकी पार्टी की जमानत जब्त करानी है, बस्तर से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है।

आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर में बस्तर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के विशाल नामांकन रैली में हुंकार भरी।

सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी है और हमारे पास अवसर आया है इनको लोकसभा चुनाव में मजा चखाने का. छत्तीसगढ़ की जनता से लोक लुभावन वादे कर उनको ठगने वालों को बस्तर की जनता सबक सिखाएगी। विधानसभा चुनाव में बस्तर वासियों ने हमें 8 सीट दी अब लोकसभा चुनाव में भी बस्तर की जनता का आशीर्वाद लेने आया हूँ.

श्री साय ने कहा पिछली कांग्रेस सरकार ने 36 वादों में एक भी वादा ठीक से पूरा नहीं किया। पांच साल केवल लूट, घोटाला और वसूली में डूबे रहे. भूपेश सरकार ने शराब, कोयला, रेत सबमें घोटाला किया। नगरीय निकाय की सरकारी जमीन को भी बेच दिया। कांग्रेस ने प्रदेश को पूरा बर्बाद करके छोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पीएससी में घोटाला कर प्रदेश के युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया, हमने घोटाले के आरोपियों के खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं. अब आरोपी की जगह सीधे जेल में होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में आते ही उन्होंने सबसे पहले 18 लाख परिवारों के पीएम आवास के लिए राज्यांश जारी किये। कांग्रेस ने दो साल का बकाया बोनस नहीं दिया, जबकि यह उनके चुनावी वायदे में शामिल था। हमारी सरकार आई तो हमने अटल जी की जयन्ती के दिन 12 लाख किसानों को 3716 करोड़ का बकाया बोनस दिया। हमने रिकॉर्ड 145 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की. किसानों को 3100 रुपया प्रति क्विंटल धान का दिया, 13,320 करोड़ रूपये अंतर की राशि 24 लाख 72 हजार किसानों को जारी की. महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से ज्यादा माताओं-बहनों के खातों में 655 करोड़ रूपये की पहली किश्त जारी की. मैं विश्वास दिलाता हूँ कि हर महीने के पहले सप्ताह में महतारी वंदन योजना का पैसा महतारियों के खातों में चला जाएगा।

श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपया प्रति मानक बोरा के दर से तेंदूपत्ता खरीदेगी और इसके लिए खरीदी का समय भी 15 दिन का होगा। चरण पादुका जैसी योजनाएं, जिसे भूपेश सरकार ने बंद कर दिया था, उसे हमारी सरकार पुनः प्रारम्भ करेगी। छत्तीसगढ़ में खनिज सम्पदा का भंडार है और बस्तर में वनोपज का भंडार है। विकास की अपार संभावनाएं हैं यहाँ, जिसे पूरा करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।

पढ़ें   कस्टम मिलिंग घोटाले का बड़ा पर्दाफाश: अनवर का ‘कैश किंग’ दीपेन चावड़ा हर 3 दिन में करता था 22 करोड़ की वसूली, EOW चार्जशीट में सामने आया पूरा नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के जिन गांवों में सरकार की योजना नहीं पहुँच रही थी, वहां हमने नियद नेल्लानार योजना शुरू की है. जहाँ राशन, गैस सिलेंडर, स्कूल, अस्पताल, पक्की सड़क, पेयजल, लाइट सबकी व्यवस्था होगी। इसके लिए हमारी सरकार के पास संसाधन की कोई कमी नहीं है. बस्तर और सरगुजा संभाग में समुचित विकास को लेकर सरकार की विशेष नजर है।

*जगदलपुर की महापौर समेत कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के हजारों सदस्य भाजपा में हुए शामिल*

आज के नामांकन रैली में जगदलपुर नगर निगम की मेयर सफीरा साहू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. उनके साथ पार्षद यशवर्धन राव, युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह समेत कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के हजारों लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा प्रवेश किया और बस्तर लोकसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को रिकॉर्ड मतों से जिताने का संकल्प लिया।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed