8 Mar 2026, Sun

लबरा, भ्रष्टाचारी कांग्रेस को सबक सिखाना है – विष्णु देव साय





*भारत जोड़ो यात्रा करने वाले अपने घर को ही नहीं संभाल पा रहे हैं*

*बिलासपुर में फिर से भाजपा का सांसद बनाना है*

प्रमोद मिश्रा
*रायपुर/बिलासपुर, 18 अप्रैल 24।* कांग्रेसी लबरा और भ्रष्टाचारी हैं, जिसने अपने 5 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। इनको फिर से सबक सिखाना है। कांग्रेसियों ने भारत जोड़ो यात्रा की, लेकिन अपने घर को ही नहीं संभाल पा रहे हैं। रोज बड़े-बड़े कांग्रेस नेता के रिश्तेदार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। दुर्ग में विजय बघेल के नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भाभी ने भाजपा प्रवेश किया। कांग्रेस में चारों ओर भगदड़ मची है।

बिलासपुर में आयोजित विशाल नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ये बातें कही।

श्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। महादेव सट्टा एप को संरक्षण देने के लिए उन पर 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा, जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुआ है। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में नीचे सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है। श्री साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है। ये सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी।

सीएम साय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं। सीएम साय ने जनता से अपील की कि कांग्रेसियों की बातों में नहीं आना है, उसको सबक सिखाना है और इस चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है, ये बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है।

विष्णु देव साय ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। श्री साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया। श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। उन्होंने 5500 रूपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदने के आदेश भी दे दिए जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र के बारे में कहा कि हमने देशवासियों के हित के लिए संकल्प पत्र जारी किया है। जिसे मोदी की गारंटी भी कहते हैं। मोदी सरकार में पिछले 10 वर्षों में 4 करोड़ पीएम आवास बने, अगले पांच साल में 3 करोड़ नए पीएम आवास बनाना है। अब 70 साल तक के बुजुर्गों का भी मुफ्त में आयुष्मान भारत योजना में इलाज होगा। मुद्रा योजना के तहत बेटे-बेटियों को 10 लाख की जगह 20 लाख तक का लोन मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो पूरा भी करती है, कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलती। इसलिए मोदी जी को चुनिए, संकल्प पत्र का सभी वादा पूरा होगा।

*तोखन साहू के लिए मांगे वोट*

श्री साय ने कहा कि भारत का गौरव बढ़ाने वाले नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए आप सभी को तोखन साहू को सांसद बनाना होगा। आगामी 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाकर तोखन साहू को प्रचंड मतों से जिताना होगा। यह आशीर्वाद आप सभी से मांगने आया हूँ।


*बिलासपुर लोकसभा से कांग्रेस के दावेदार रहे विष्णु यादव भाजपा में शामिल*

बिलासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के दावेदार रहे विष्णु यादव ने मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा प्रवेश किया। विष्णु यादव की गिनती बिलासपुर में कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती है। वे नगर निगम बिलासपुर के तीन बार पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान में रायगढ़ जिला कांग्रेस के संगठन प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और आम जनों ने भाजपा में प्रवेश किया।

नामांकन रैली में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयालदास बघेल, लोकसभा प्रत्याशी तोखन साहू, पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक गण पुन्नूलाल मोहले, सुशांत शुक्ला, धर्मजीत सिंह, भूपेंद्र सवन्नी, हर्षिता पांडेय, गुलशन ऋषि, कृष्णमूर्ति बाँधी, लखन लाल साहू, कन्हैया राठौर, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Share
पढ़ें   कोंडागांव में पांच मंजिला इमारत की छत पर पहुंचा बैल : इलाके में मचा हड़कंप, दमकल और पुलिस टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed