20 Oct 2026, Tue
Breaking

छरछेद हत्याकांड : आरोपी बैगा को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अपने झाड़ – फूंक से महिला को बताया था टोनही….

● आरोपियों द्वारा ग्राम छरछेद में जादू टोना करने के शक में दो महिला, एक पुरुष एवं एक 11 माह के बालक की, कर दी गई थी हत्या

● पुलिस द्वारा मामले में अब तक, एक अपचारी बालिका सहित कुल 07 आरोपियों को किया गया है गिरफ्तार

प्रमोद मिश्रा

बलौदाबाजार, 30 सितंबर 2024

12 सितंबर को शाम ग्राम छरछेद मे एक सांथ 04 लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की टीम ने आरोपी बैगा को गिरफ्तार किया है । घटना में मृतक परिवार के घर में ही 02 महिला, 01 पुरुष एवं एक 11 माह के छोटे बच्चे की हत्या कर दी गई थी। प्रकरण में 04 लोगों की हत्या करने वाले आरोपियों के विरुद्ध थाना कसडोल में अपराध धारा 103(1),191(2), 191(3),190,296, 351(3),115(2),331(8) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मृतक परिवार के सदस्यों को जादू टोना करने के शक में आरोपियों द्वारा एक साथ मिलकर पत्थर तोड़ने के लोहे के हथौड़े (घन) एवं लोहे के अन्य सामान से वार करते हुए चारों लोगों की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एक अपचारी बालिका सहित 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

प्रकरण में निरीक्षक रितेश मिश्रा एवं सहायक उप निरीक्षक श्रवण नेताम की पुलिस टीम द्वारा गवाहों से पूछताछ एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी ईतवारी राम पटेल का घटना में संलिप्त होना पाया गया । साथ ही जांच एवं विवेचना क्रम में प्रकरण में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 04,05,06 भी जोड़ी गई है।

पढ़ें   CG कैबिनेट ब्रेकिंग: साल 2024 की आखिरी कैबिनेट बैठक कल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में अहम फैसलों पर होगी चर्चा

जानकारी एवं पूछताछ के अनुसार, हत्या करने वाले आरोपी घटना के कुछ दिन पूर्व आरोपी बैगा ईतवारी राम पटेल से मिलने गए थे, जिसमें ईतवारी राम द्वारा आरोपियों को उनकी बच्ची की तबीयत खराब होने का कारण मृतकों द्वारा जादू टोना करना बताया गया जिस पर से दुष्प्रेरण में आकर आरोपियों द्वारा एक राय होकर मृतक परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई ।

प्रकरण में पुलिस द्वारा आरोपी ईतवारी राम को आज दिनांक विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। संपूर्ण मामले में पुलिस द्वारा अब तक कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी का नाम- ईतवारी राम पटेल उम्र 31 साल निवासी ग्राम हटौद थाना कसडोल

Share

 

 

 

 

 

You Missed