16 Apr 2025, Wed 12:12:53 PM
Breaking

छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर : रायपुर में पारा पहली बार 10 डिग्री के नीचे, अंबिकापुर 4 डिग्री पर कांपा, दुर्ग सबसे ठंडा, बस्तर में बारिश की संभावना

रायपुर, 17 दिसम्बर 2024 सोमवार को पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड रही। राजधानी रायपुर समेत सरगुजा, बस्तर और रायपुर संभाग के अधिकांश स्थानों पर शीतलहर के हालात बने रहे। प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक नीचे चला गया।

रायपुर का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री
राजधानी रायपुर में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। सोमवार रात पारा 9.8 डिग्री तक गिरा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटों में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।

दुर्ग सबसे ठंडा, सरगुजा में कड़ाके की ठंड
मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में भीषण ठंड पड़ी। अंबिकापुर में पारा 4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि पेंड्रारोड का तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों सामरी और मैनपाट में तापमान दो डिग्री के आसपास दर्ज हुआ।

 

नमी के कारण हल्की बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में पश्चिम और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में कम दबाव का सिस्टम बना हुआ है, जो तमिलनाडु की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते प्रदेश में समुद्र से नमी वाली हवा आने के आसार हैं। मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्के बादल छा सकते हैं और 18 दिसंबर से बस्तर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

आने वाले दिनों में राहत के संकेत
बादलों के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल शीतलहर का असर बना रहेगा।

Share
पढ़ें   CG में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नक्सल प्रभावित इलाकों में ऐतिहासिक शांतिपूर्ण मतदान: बस्तर में सुरक्षा कैंपों की भूमिका, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह के संकल्प को बताया नक्सलवाद के खात्मे का रास्ता

 

 

 

 

 

By Desk

You Missed