21 Oct 2026, Wed
Breaking

बलौदाबाजार जिले में कब थमेंगे सड़क हादसे? : एक ही दिन में सड़क हादसे में गई चार की जान, मेले से लौट रहे तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, तो मासूम की ले ली तेज रफ्तार ट्रेलर ने जान, प्रशासन पर खड़े होते कई सवाल…

• जिले में हो रहे लगातार सड़क हादसे से सदमे में लोग

• वाहनों की बढ़ती आवाजाही हादसों की मुख्य वजह

प्रमोद मिश्रा

बलौदाबाजार/रायपुर, 12 जनवरी 2025

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में सड़क हादसे से मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है ।  11 जनवरी को भी बलौदाबाजार जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई । पहले हादसे में ट्रेलर की चपेट में आकर 2 वर्ष 6 माह के मासूम की मौत हो गई जबकि दूसरे हादसे में गातापार मेला से लौट रहे तीन युवकों की अज्ञात वाहन की ठोकर से जान चली गई ।

बलौदा बाजार जिले के सुहेला थाना क्षेत्र में ग्राम सेमरहाडीह के भारुवाडीह चौक के पास देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में गातापार मेला से लौट रहे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई । घटना रात करीब 8 बजे हुई, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक दूर-दूर तक जा गिरे जिससे एक युवक तो सड़क किनारे लगे तार फेंसिंग को पार कर अंदर जा घुसा । इस हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी ।

नहीं हो पाई मृतकों की पहचान 

मौके पर पहुंची सुहेला पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है । मृतकों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों और गातापार मेले में आए लोगों से पूछताछ कर रही है ।

पढ़ें   रिमझिम बारिश के बीच CM साय पहुंचे धमतरी के समाधान शिविर : 213 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्याें की घोषणा की, 54 दिवसीय ‘सुशासन तिहार का धमतरी जिले में समापन

ट्रेलर ने मासूम को रौंदा

इससे पहले आज सुबह बलौदा बाजार के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबाडीह में दुर्घटना हुई । एक ट्रेलर ने सड़क किनारे खेल रहे 2.6 वर्षीय मासूम शिवम रजक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई । मृतक जांजगीर-चांपा जिले के जेवरा मुलमुला का रहने वाला था और ढाबाडीह में अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था । हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था । पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म हुआ था ।

जिले में लगातार सड़क हादसे 

5 जनवरी को जिले के गोडा पुल के पास ट्रेलर और डीजल से भरे टैंकर में भिंड़त हो गई, जिससे तीन लोग आग में समा गए । घटना इतनी भयावह थी कि तीनों के सिर्फ हड्डी ही परिजनों को मिल पाए । इससे पहले जिले के कटगी में 01 जनवरी को भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई ।

उठता सवाल – जिम्मेदार कौन?

बलौदाबाजार जिले में 6 सीमेंट प्लांट होने के साथ कोई भी टोल प्लाजा नहीं होने से भारी वाहनों की आवाजाही में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे घटना की संख्या में भी भरी इजाफा हुआ है और बहुत लोगों ने अपनी जान सड़क दुर्घटनाओं में गंवाई है । लेकिन, इन सबके बीच यह सवाल खड़े होता है कि क्या ऐसी दुर्घटनाएं लगातार होती रहेंगी । इन सबके बीच यह भी सवाल खड़े होता है कि इन सबका जिम्मेदार कौन है? वैसे जिले में लगातार पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है लेकिन इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं हो रही है । पुलिस प्रशासन और परिवहन की टीम को सतत निगरानी करने की आवश्यकता है और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की आवश्यकता है साथ ही लोगों को सतर्क होकर वाहन चलाने की आवश्यकता है, नहीं तो आपकी भी यात्रा सड़क पर नहीं बल्कि ऊपर के लिए हो सकती है ।

Share

 

 

 

 

 

You Missed