14 Jun 2025, Sat
Breaking

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: बस्तर की बेटी रंजीता कुरेटी ने रचा इतिहास, 52 किलो वर्ग में जीता गोल्ड, छत्तीसगढ़ को मिला पहला स्वर्ण पदक, विदेशी ट्रेनिंग के लिए हो चुकी हैं चयनित

खेल डेस्क

पटना, 12 मई 2025

पटना (बिहार) में 6 से 15 मई 2025 तक आयोजित 7वीं खेलो इंडिया यूथ गेम्स की जूडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बेटी रंजीता कुरेटी ने प्रदेश को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। कोंडागांव जिले की रंजीता ने 52 किलोग्राम वजन वर्ग में हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली की खिलाड़ियों को हराते हुए फाइनल में मध्यप्रदेश की खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

यह छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इतिहास में पहला स्वर्ण पदक है। प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी और संयुक्त सचिव अनीस मेमन ने बताया कि राज्य निर्माण के बाद यह छत्तीसगढ़ का पहला गोल्ड मेडल है, जो निश्चित रूप से गौरव की बात है और प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रेरणा देगा।

बस्तर के सुदूर क्षेत्र से आई रंजीता कुरेटी ने इससे पहले जनवरी 2025 में पुणे में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में ‘बेस्ट प्लेयर’ का खिताब जीता था और भारतीय खेल प्राधिकरण के माध्यम से जॉर्जिया (विदेश) में प्रशिक्षण के लिए चयनित हो चुकी हैं।

रंजीता का प्रशिक्षण महिला कोच मकसूदा हुसैन और आईटीबीपी में आरक्षक व जूडो कोच उदय यादव के मार्गदर्शन में हुआ है। साथ ही जूडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रधान आरक्षक और अंतरराष्ट्रीय निर्णायक शेख शरीफ निर्णायक की भूमिका निभा रहे हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शंभू सोनी, अनीस मेमन, परमजीत सिंह, ऑल बस्तर जिला जूडो संघ के सचिव अब्दुल मोइम, दंतेवाड़ा संघ के सचिव सरजीत सिंह बख्शी, बिलासपुर जिला संघ के सचिव राजकुमार जायसवाल सहित समस्त जिला संघों और जूडो खिलाड़ियों ने रंजीता को बधाई दी है।

Share
पढ़ें   चिकित्सा शिक्षा मंत्री टी एस सिंहदेव की अध्यक्षता में हुई पं. जवाहरलाल नेहरु स्मृति मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति की बैठक, लंबित टेंडर, दवाओं की उपलब्धता और समिति के कार्यों समेत अन्य विषयों पर हुई विस्तृत समीक्षा

 

 

 

 

 

By Desk

You Missed