डेस्क
दुर्ग, 15 मई 2025

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीद नगर में बीती रात एक युवक ने युवती के परिवार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, युवती द्वारा बातचीत करने से मना किए जाने पर आरोपी युवक ने गुस्से में आकर उसके परिजनों से मारपीट की और चाकूबाजी कर दी। इस हमले में युवती के परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए हैं, जबकि आरोपी युवक को भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोशल मीडिया पर नंबर वायरल होने से बढ़ा तनाव
मामले की तह में जाने पर पता चला कि युवती और उसकी मां का मोबाइल नंबर भिलाई के रूंगटा कॉलेज के एक सोशल मीडिया पेज पर सार्वजनिक कर दिया गया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में तनाव शुरू हुआ, जो बीती रात हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के दौरान आरोपी युवक ने महिलाओं से भी बदसलूकी और मारपीट की। हमले की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





