प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 24 मई 2025
छत्तीसगढ़ सरकार ने आगामी धान खरीदी सीजन के लिए 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य तय करने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में उप मंत्रिमंडलीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी, धान के उठाव और व्यापारियों को बकाया भुगतान जैसे अहम विषयों पर निर्णय लिए गए।
बैठक के बाद राजस्व मंत्री टंकाराम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में राज्य में 33 लाख मीट्रिक टन धान शेष है। जिन व्यापारियों का पुराना भुगतान बकाया है, उन्हें उनके प्रस्ताव के अनुसार बकाया राशि के बदले धान दिया जाएगा, जिससे धान का पूरा उठाव संभव हो सकेगा। व्यापारी उतनी ही मात्रा में धान का उठाव करेंगे जितनी उनकी बकाया राशि है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर वर्ष खेती का रकबा बढ़ रहा है और किसानों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का देश में सर्वाधिक मूल्य दे रही है। वर्तमान में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी मौजूद रहे।