प्रमोद मिश्रा
कसडोल, 10 जून 2025

नगर अध्यक्ष नागेश्वर साहू के अनुसंशा पर वार्ड क्रमांक 03 और 07 में नई सरकारी उचित मूल्य की राशन दुकानें खोली जाएँगी।
नगर अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने बताया कि उन्होंने अपने संकल्प पत्र में वार्ड 07 व 13 में राशन दुकान खोलने का वादा किया था। “जनता की मांग और समय की प्रासंगिकता को देखते हुए हमने वार्ड 13 के स्थान पर वार्ड 03 में राशन दुकान खोलने का निर्णय लिया है। वार्ड 07 में दुकान खोलने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर ली जाएगी, जबकि वार्ड 13 के लिए आवश्यक औपचारिकताएँ जारी हैं,” उन्होंने कहा।
उचित मूल्य की दुकान संचालित करने के इच्छुक स्थानीय नगरीय निकाय, महिला स्वयं सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, अन्य समितियाँ एवं वन सुरक्षा समिति अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कसडोल में 16 जून 2025 तक कार्यालयीन समय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा करा सकते हैं।
अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने आश्वस्त किया कि “मेरे संकल्प पत्र में जो भी वादे किए गए थे, उन्हें चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा और मैं सदैव जनता के हित में तत्पर रहूंगा।”



