गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 26 मई 2025
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की मूर्ति को लेकर गौरेला में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ज्योतिपुर चौक पर स्थापित जोगी की प्रतिमा को बीती रात चोरी-छिपे हटा दिया गया, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है।

हैरानी की बात यह रही कि प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी न तो मुख्य नगरपालिका अधिकारी को थी और न ही संबंधित ठेकेदार को। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मूर्ति को पैरों से तोड़कर अपमानजनक तरीके से हटाया गया और रात के अंधेरे में नगरपालिका परिसर के पास स्थित एक गंदी जगह पर फेंक दिया गया।
घटना सामने आते ही क्षेत्र में रोष की लहर दौड़ गई। पार्षद नीलेश साहू ने इसे जनभावना के साथ घिनौना खिलवाड़ बताते हुए कहा कि अजीत जोगी की प्रतिमा को हटाया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने शासन-प्रशासन से 24 घंटे के भीतर मूर्ति को पूर्व स्थान पर पुनः स्थापित करने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इधर, थाना प्रभारी नविन बोरकर ने बताया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। जिस वाहन से मूर्ति हटाई गई, उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर ली गई है। मामले की गहन जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





