8 Mar 2026, Sun

छत्तीसगढ़ में 1 से 7 जून तक मनाया जाएगा ‘चावल उत्सव’ : 81 लाख राशनकार्डधारी परिवारों को मिलेगा तीन महीने का चावल एकसाथ, सरकार ने कसी कमर, हर दुकान तक पहुंचाया जा रहा अनाज

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 28 मई 2025

छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 1 से 7 जून तक राज्यभर में ‘चावल उत्सव’ का आयोजन करने जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश के 81 लाख से अधिक राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त—तीनों माह का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा।

राज्य खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस संबंध में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश की 13,928 उचित मूल्य दुकानों को चावल का आवंटन कर दिया गया है और इन दुकानों में भण्डारण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि चावल का वितरण प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर समयपूर्व भण्डारण सुनिश्चित कर किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो। प्रत्येक लाभार्थी को ई-पॉस मशीन से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही चावल दिया जाए और पावती रसीद अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए।

खास ध्यान मानसून सीजन को देखते हुए रखा गया है। प्रदेश की 249 ऐसी उचित मूल्य दुकानों की पहचान की गई है जो वर्षा के समय पहुंचविहीन हो जाती हैं। इन दुकानों में जून माह के भीतर ही अग्रिम चावल भण्डारण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वर्षा के दौरान भी राशन वितरण में कोई बाधा न आए।

सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रचार-प्रसार के व्यापक निर्देश दिए गए हैं ताकि ‘चावल उत्सव’ की जानकारी हर लाभार्थी तक पहुंचे और वितरण प्रक्रिया जवाबदेह बनी रहे।

पढ़ें   CM विष्णु देव साय ने धमतरी में डिजिटल गवर्नेंस मॉडल से नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया: स्वामित्व कार्ड वितरण और 268 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया शुभारंभ

बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक किरण कौशल और खाद्य विभाग के संचालक रमेश शर्मा सहित सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल न सिर्फ खाद्य सुरक्षा को मजबूती देगी, बल्कि दूरस्थ अंचलों में भी समय पर राशन पहुंचाकर नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करेगी।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed