बीजापुर, 30 मई 2025
जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में माओवादियों की एक और कायराना करतूत सामने आई है। नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से प्रेशर IED बिछाया था, जो शुक्रवार सुबह ब्लास्ट हो गया। इस विस्फोट में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, एर्रागुफा पारा (दम्पाया) के ग्रामीण पारिवारिक कार्य से बंदेपारा जा रहे थे। इसी दौरान सुबह लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच रास्ते में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED पर पैर पड़ते ही जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की चपेट में आए तीनों ग्रामीणों के चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल ग्रामीणों की पहचान:
- गोटे जोगा, पिता समैया मुरिया, उम्र 45 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया थाना मद्देड़
- विवेक ढोड़ी, पिता नागैया मुरिया, उम्र 17 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया थाना मद्देड़
- बडडे सुनील, पिता मिब्बा मुरिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया थाना मद्देड़
पुलिस ने घटना स्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सघन सर्चिंग बढ़ा दी गई है।