10 Jun 2025, Tue 5:30:40 PM
Breaking

डिप्टी CM अरुण साव ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दिए पुरस्कार, बोले – “नारी सशक्तीकरण और सुशासन की मिसाल है रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन”

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 30 मई 2025

रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर रायपुर नगर निगम द्वारा आयोजित संगोष्ठी और पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें भारतीय इतिहास की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक बताते हुए कहा कि उनका जीवन नारी सशक्तीकरण और सुशासन की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी रानी अहिल्याबाई ने न केवल कुशलता से शासन संभाला, बल्कि जनकल्याण के अभूतपूर्व कार्य भी किए।

कार्यक्रम में प्रतियोगिता विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा, “अहिल्याबाई न केवल कुशल प्रशासक थीं, बल्कि युद्ध कौशल में भी दक्ष थीं। उनका जीवन साहस, सेवा और न्याय का प्रतीक है। आज की पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।”

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर साधारण परिवार से निकलकर असाधारण उपलब्धियों वाली महिला बनीं। उन्होंने शासन में पारदर्शिता, जनकल्याण और जल-संरक्षण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा, “हर विद्यार्थी को महान व्यक्तित्वों की जीवनी पढ़नी चाहिए ताकि जीवन में आने वाली असफलताओं से सीख लेकर सफलता की राह पर आगे बढ़ा जा सके।”

महापौर मीनल चौबे ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि रानी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कुल 208 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, आयुक्त विश्वदीप, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षदगण, प्रतिभागी विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share
पढ़ें   राजनीति : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का CM भूपेश पर तंज, विष्णुदेव बोले : "बघेल खैरागढ़ की जनता से माफ़ी मांगें कि वे उनका राशन डकार गये, अब राशन घोटाला न करने का संकल्प भी लें"

 

 

 

 

 

By Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed