दुर्ग, 03 जून 2025
दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत चरोदा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। यह दुर्घटना दो दिन पहले उस वक्त हुई जब रायपुर से लौट रहे मोहनीश कुरैशी (35) और उनका 14 वर्षीय भतीजा सोहान कुरैशी बाइक से घर जा रहे थे। चरोदा क्षेत्र में अचानक उभरे ब्रेकर के कारण उनकी बाइक असंतुलित हो गई और एक तेज रफ्तार ट्रेलर के नीचे जा घुसी। मोहनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोहान ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए SSP मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल स्वयं भिलाई-तीन पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसा सड़क पर बने अमानक ब्रेकर की वजह से हुआ। इस पर SSP ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित सड़क निर्माता कंपनी आलोक बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड (ABPL) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि क्यों न उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
ASP ट्रैफिक ने बताया—”अमानक ब्रेकर से बिगड़ा संतुलन”
दुर्ग एएसपी ट्रैफिक ऋचा मिश्रा ने बताया कि हाईवे पर सड़क निर्माता कंपनी द्वारा अमानक ब्रेकर बनाए गए हैं। इनकी ऊंचाई और बनावट मानकों के अनुसार नहीं है, जिससे वाहन तेज गति में संतुलन खो देते हैं। यही कारण इस हादसे का भी रहा। SSP अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि कंपनी से जवाब लेकर उचित कार्रवाई की जाए।
कंपनी ने झाड़ी जिम्मेदारी
सड़क निर्माता कंपनी ABPL के अधिकारी प्रवीण शर्मा ने कंपनी की किसी भी जिम्मेदारी से इनकार किया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया था, और जो डिजाइन दिया गया था, उसी के अनुरूप सड़क बनाई गई।
आगे क्या होगा?
दुर्ग पुलिस अब कंपनी के जवाब का इंतजार कर रही है। SSP के निर्देश पर यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता, तो हत्या जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच तेज़ी से चल रही है और जल्द ही कार्रवाई के अगले चरण शुरू होंगे।





