मीडिया 24 डेस्क
दुर्ग, छत्तीसगढ़, 07 जून 2025

पीएम आवास योजना के तहत लोन दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले फर्जी बैंक अधिकारी को बोरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चेतन कुमार वर्मा खुद को बैंक अधिकारी बताकर गांव-गांव जाकर लोगों को लोन दिलाने का झांसा देता था और उनसे पैसे वसूलता था।
थाना बोरी में ग्राम टेमरी निवासी निजेंद्र बारले की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी चेतन कुमार वर्मा कार से अलग-अलग गांवों में जाकर पीएम आवास योजना के नाम पर फॉर्म भरवाता और ऑनलाइन माध्यम से पैसे वसूलता था।
इस ठगी में उसका साथी अतेश गंजीर, निवासी फरहाद (जिला राजनांदगांव), भी शामिल था। आरोपी लेन-देन के लिए अतेश के मोबाइल स्कैनर का उपयोग करता था। ठगी की रकम दोनों आपस में बराबर बांटते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसी तरीके से और भी कई ग्रामीण ठगी का शिकार हुए होंगे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना के लाभ के लिए सीधे संबंधित विभाग से संपर्क करें और फर्जीवाड़े से सतर्क रहें।





