प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 8 जून 2025

रायपुर पश्चिम विधानसभा के शहीद भगत सिंह वार्ड, टाटीबंध में रविवार को कुल 5.21 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों के अंतर्गत 65 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के दौरान जिन प्रमुख कार्यों की शुरुआत हुई, उनमें सामुदायिक भवन निर्माण, स्कूलों में रंगमंच निर्माण, प्लास्टर, पेंटिंग और मरम्मत जैसे कार्य शामिल हैं। इनमें टाटीबंध चर्च और एम्स गेट के सामने चौक निर्माण जैसे सौंदर्यीकरण कार्य भी सम्मिलित हैं।
भूमिपूजन के अंतर्गत प्रमुख कार्य:
- सामुदायिक भवन (टाटीबंध) – ₹10 लाख
- यदुवंशी चौक में रंगमंच पूर्णता – ₹10 लाख
- टाटीबंध चर्च व एम्स गेट चौक निर्माण – ₹10 लाख
- माध्यमिक शाला मरम्मत कार्य – ₹15 लाख
- प्राथमिक शाला सौंदर्यीकरण – ₹15 लाख
राजेश मूणत ने बताया कि शहीद भगत सिंह वार्ड में पूर्व में भी कई कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें ओपन जिम, सामुदायिक भवन, उद्यान और रंगमंच निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा महतारी सदन निर्माण पर तीन चरणों में 75 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं।
विधायक मूणत ने जानकारी दी कि टाटीबंध स्थित छुहिया तालाब के सौंदर्यीकरण, उद्यान और वॉलीबॉल ग्राउंड निर्माण के लिए 2.96 करोड़ रुपये की योजना अधोसंरचना मद से स्वीकृत है, जो वर्तमान में निविदा स्तर पर है।
राजेश मूणत का बयान
“रायपुर पश्चिम के सभी 19 वार्डों में जनता की ज़रूरतों के अनुसार योजनाएं बनाई जा रही हैं और उन्हें ज़मीनी स्तर पर तेज़ी से लागू किया जा रहा है। शहीद भगत सिंह वार्ड में चल रहे कार्य इसी संकल्प का हिस्सा हैं। आने वाले समय में और भी बड़ी योजनाएं स्वीकृति की कतार में हैं, जो रायपुर पश्चिम को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।”





